अभी और हो सकती है भारी से बहुत भारी वर्षा
रायपुर, 30 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश से कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हो गया है। नदियां उफान पर हैं, कई सड़कें और पुल-पुलियां जलमग्न हो गई हैं तथा अनेक स्थानों पर यातायात बाधित है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड और येलो अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टरों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित विभागों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
गरियाबंद जिले में लगातार बारिश और सिकासेर जलाशय से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। राजिम के त्रिवेणी संगम स्थित बाबा कुलेश्वरनाथ महादेव मंदिर परिसर में भी पानी पहुंच गया है। वहीं पैरी नदी में उफान के कारण रायपुर-गरियाबंद मार्ग पर कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हुआ है।
राजधानी रायपुर में खारुन नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। महादेव घाट के पास नदी का पानी पुल तक पहुंच गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे नहीं जाने की अपील की है।
बस्तर संभाग के कोंडागांव, केशकाल, दंतेवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में भी लगातार बारिश से हालात बिगड़े हैं। कई पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने से संपर्क मार्ग प्रभावित हुए हैं। कुछ ग्रामीण इलाकों में आवागमन अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है।
भारतीय मौसम विभाग ने अगले 24 से 72 घंटों के दौरान प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी दी है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की हिदायत दी गई है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती, राहत शिविरों की तैयारी तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल राज्य सरकार की ओर से आज की बारिश से किसी नई जनहानि या बड़े पैमाने पर संपत्ति के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। हालांकि कई जिलों में सड़क संपर्क प्रभावित है और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
वीडियो
जगदलपुर से भोपालपटनम मार्ग में बोदली ग्राम पंचायत के पास का वीडियो। सड़क जलमग्न। आज 30 जुलाई 2026की शाम का दृश्य
