नई दिल्ली/रायपुर, 30 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ की बहुप्रतीक्षित कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर एक विशेष प्रयोजन कंपनी (एसपीवी) बनाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की प्रमुख रेल परियोजनाओं की समीक्षा की और लंबित रेल लाइनों को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया।
बैठक में बताया गया कि करीब 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी। इस परियोजना से पहली बार अनेक क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि करीब 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया।
बैठक में सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का भी आग्रह किया गया। रेल मंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके अलावा किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (बचेली) (490 किमी) नई रेल लाइन परियोजनाओं के सर्वे कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने सर्वे जल्द पूरा कर आगे की प्रक्रिया शुरू करने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, खनिज परिवहन, कृषि, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश में रेल अधोसंरचना के विस्तार को नई गति मिलेगी।
