पारिवारिक सुरक्षा पर संगोष्ठी आयोजित
रायपुर, 30 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने संयुक्त क्रू लॉबी, रायपुर में रनिंग स्टाफ और उनके परिवारजनों के लिए “पारिवारिक सुरक्षा संगोष्ठी” का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना, पारिवारिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक उपायों की जानकारी देना था।
संगोष्ठी की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चंद्रकांत पटेल ने की। इस दौरान चिकित्सा, कार्मिक, संरक्षा, अभियांत्रिकी एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर सहित अन्य रनिंग स्टाफ को अनियमित ड्यूटी, कार्यस्थल पर तनाव और थकान से निपटने के उपाय बताए गए। विशेषज्ञों ने कार्य और पारिवारिक जीवन में संतुलन बनाए रखने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि कर्मचारियों का बेहतर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सुरक्षित रेल संचालन के लिए भी महत्वपूर्ण है।
संगोष्ठी का प्रमुख आकर्षण कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर) और आपातकालीन प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण रहा। डॉ. चंद्रकांत पटेल और स्टाफ नर्स यशस्वी ने वयस्क और शिशु मैनिकिन पर सीपीआर की सही तकनीक का प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में स्वयं भी सीपीआर का अभ्यास किया।
संवादात्मक सत्र में कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य एवं आपातकालीन प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों और उनके परिवारों में स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे।
