चार महाप्रबंधक और 16 युवा पेशेवरों की होगी भर्ती
47 अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई के बीच संस्थागत सुधार की दिशा में पहला बड़ा कदम
नई दिल्ली, 24 जुलाई 2026, (वाय के न्यूज)।राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) में शुक्रवार को बड़े पैमाने पर कार्रवाई और सुधार प्रक्रिया साथ-साथ देखने को मिली। एक ओर सरकार ने एजेंसी में कार्यरत 47 अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से अलग करने का फैसला किया, वहीं दूसरी ओर संस्थागत पुनर्गठन की दिशा में चार महाप्रबंधकों और 16 युवा पेशेवरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
एनटीए ने कहा कि यह कदम प्रो. के. राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के अनुरूप उठाया गया है। एजेंसी ने इसे संस्थागत पुनर्निर्माण की दिशा में पहला ठोस कदम बताया है।
एनटीए ने संविदा आधार पर तीन वर्ष की प्रारंभिक अवधि के लिए चार महाप्रबंधकों की नियुक्ति का विज्ञापन जारी किया है। इनमें मूल्यांकन, अनुसंधान एवं विकास एवं साइकोमेट्रिक्स, परीक्षा केंद्र नेटवर्क एवं संचालन, सूचना सुरक्षा तथा सतर्कता, जांच एवं डिजिटल फोरेंसिक के महाप्रबंधक शामिल हैं। ये अधिकारी संबंधित क्षेत्रों में एजेंसी के संचालन, साइबर सुरक्षा, परीक्षा केंद्रों की गुणवत्ता और जांच व्यवस्था को मजबूत करेंगे।
इसके साथ ही, संघ लोक सेवा आयोग के प्रतिभा सेतु पोर्टल के माध्यम से 16 युवा पेशेवरों की भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की गई है। एनटीए ने कहा कि एजेंसी के इतिहास में पहली बार युवा पेशेवरों की नियुक्ति की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हाल में परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने एनटीए में व्यापक सुधारों का निर्णय लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को 47 अधिकारियों-कर्मचारियों पर कार्रवाई की गई, जबकि आने वाले समय में एजेंसी के कामकाज और आउटसोर्सिंग व्यवस्था में भी बदलाव किए जाने की तैयारी है।
एनटीए के अनुसार, विशेषज्ञ समिति द्वारा सुझाए गए 10 प्रमुख कार्यात्मक क्षेत्रों में आने वाले सप्ताहों में भी भर्ती और विशेषज्ञों को पैनल में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। एजेंसी का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और पेशेवर बनाना है।
