CBSE : 8 वीं से 12वीं तक बच्चे मुफ्त सीख सकेंगे एआई, पायथन, कोडिंग…

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

19 मुफ्त ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का मिला विकल्प

नई दिल्ली, 25 जुलाई, 2026, वाय के न्यूज डेस्क।

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने अपने संबद्ध स्कूलों के कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (NIELIT) के नेशनल डिजिटल यूनिवर्सिटी (NDU) मंच पर उपलब्ध 19 निःशुल्क ऑनलाइन तकनीकी पाठ्यक्रमों की जानकारी जारी की है। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य छात्रों को नियमित पढ़ाई के साथ उभरती तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान देना और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करना है।

इन पाठ्यक्रमों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), जनरेटिव एआई, पायथन प्रोग्रामिंग, साइबर सुरक्षा, क्लाउड कंप्यूटिंग, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), वेब डिजाइनिंग, थ्री-डी प्रिंटिंग, सेमीकंडक्टर डिजाइन तथा कंप्यूटर की बुनियादी अवधारणाओं जैसे विषय शामिल हैं। विद्यार्थी अपनी रुचि के अनुसार इनमें से किसी भी पाठ्यक्रम में निःशुल्क पंजीयन कर अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन अध्ययन कर सकते हैं।

सीबीएसई ने कहा है कि इन पाठ्यक्रमों से विद्यार्थियों की डिजिटल समझ, तकनीकी दक्षता और नवाचार की क्षमता विकसित होगी। साथ ही उन्हें भविष्य में उच्च शिक्षा और रोजगार के लिए आवश्यक कौशल हासिल करने में भी मदद मिलेगी।

बोर्ड के अनुसार, यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सीबीएसई ने स्कूलों, विद्यार्थियों और अभिभावकों से इन निःशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर