नई दिल्ली, 25 जुलाई, 2026, वाय के न्यूज डेस्क।
जवाहर नवोदय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी है। इच्छुक विद्यार्थी 31 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अभिभावक और विद्यार्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर निःशुल्क आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए विद्यार्थी का वर्ष 2026-27 में किसी मान्यता प्राप्त सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त या अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5 में अध्ययनरत होना आवश्यक है। अभ्यर्थी उसी जिले का निवासी होना चाहिए, जहां के जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश के लिए आवेदन किया जा रहा है। आयु भी निर्धारित पात्रता के अनुरूप होनी चाहिए।
चयन परीक्षा में 80 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न मानसिक योग्यता, गणित और भाषा से संबंधित होंगे। परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, गणितीय समझ और भाषा कौशल का आकलन किया जाएगा।
नवोदय विद्यालयों में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क है। चयनित विद्यार्थियों को देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों में आवासीय व्यवस्था के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है।
