अगासदिया परिसर में साहित्यकारों ने शाल-श्रीफल भेंट कर लिया आशीर्वाद
भिलाई नगर, 1 सितंबर 2026। आमदी नगर स्थित साहित्यिक संस्था अगासदिया परिसर में सोमवार को 95 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक एवं प्रसिद्ध शायर अब्दुल कलाम के पिता अब्दुल रहमान का सम्मान किया गया। उनके 95वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित भावपूर्ण समारोह में साहित्यकारों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनका आशीर्वाद लिया।
समारोह में साहित्यकार कमलेश चंद्राकर, डॉ. परदेशीराम वर्मा और त्रयंबक राव साटकर सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। डॉ. परदेशीराम वर्मा ने अब्दुल रहमान के सक्रिय जीवन का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके बड़े पुत्र 72 वर्ष, मंझले पुत्र 70 वर्ष और सबसे छोटे पुत्र अब्दुल कलाम 64 वर्ष के हैं।
95 वर्ष की उम्र में भी अब्दुल रहमान सुपेला स्थित अपनी थोक अनाज की दुकान पर नियमित रूप से सक्रिय रहते हैं। उनके सभी पुत्र साधन-संपन्न होने के साथ पिता के प्रति समर्पित हैं और बारी-बारी से दुकान पर उनकी मदद करते हैं। वक्ताओं ने कहा कि अब्दुल रहमान सक्रिय रहकर जीवन जीने का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
कमलेश चंद्राकर ने कहा कि अगासदिया परिसर अपने आत्मीय और भावपूर्ण आयोजनों के लिए जाना जाता है। त्रयंबक राव साटकर ने कहा कि यह अनोखा सम्मान समारोह है। उन्होंने कहा कि उनकी उम्र के अधिकांश लोगों के पिता अब उनके बीच नहीं हैं, लेकिन अब्दुल कलाम और उनके दोनों भाई सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें आज भी पिता का स्नेह और आशीर्वाद मिल रहा है।
समारोह के दौरान त्रयंबक राव साटकर ने बालगीत संग्रह ‘मधुरम प्रभातम’ कमलेश चंद्राकर को तथा ‘जीवन एवं जीवन दर्पण’ काव्य संग्रह भेंट किया। डॉ. परदेशीराम वर्मा ने अपनी पुस्तक ‘जगमग धरती उज्जर अगास’ त्रयंबक राव साटकर को भेंट की।
