50 लाख परिवारों तक पहुंची पीएम सूर्य घर योजना, जुलाई में बना नया रिकॉर्ड

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

19 लाख घरों का बिजली बिल हुआ शून्य, 14.8 गीगावाट रूफटॉप सौर क्षमता स्थापित

नई दिल्ली, 04 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में 50.06 लाख से अधिक परिवारों को रूफटॉप सौर ऊर्जा से जोड़ दिया है। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के अनुसार, योजना के तहत अब हर छह दिन में औसतन एक लाख नए परिवार जुड़ रहे हैं, जिससे यह दुनिया के सबसे तेज़ी से बढ़ते स्वच्छ ऊर्जा कार्यक्रमों में शामिल हो गई है।

मंत्रालय के मुताबिक, जुलाई 2026 में अकेले 5.06 लाख नए रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए गए, जो योजना शुरू होने के बाद का अब तक का सर्वाधिक मासिक आंकड़ा है। पिछले नौ महीनों में प्रतिष्ठापन की गति 3.2 गुना बढ़ी है और अब प्रतिदिन औसतन 16,328 इंस्टॉलेशन हो रहे हैं।

योजना के तहत अब तक 28,024 करोड़ रुपये की सब्सिडी प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है। इसका परिणाम यह हुआ है कि करीब 19 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। वहीं, वित्त वर्ष 2024-25 में 12 लाख से अधिक परिवारों ने अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर 421 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय अर्जित की। औसतन प्रत्येक परिवार को लगभग 3,500 रुपये प्रतिवर्ष का लाभ मिला।

देशभर में अब तक 14.8 गीगावाट की रूफटॉप सौर क्षमता स्थापित की जा चुकी है। योजना के लिए 34,219 पंजीकृत विक्रेता जुड़े हैं, जिनमें से 29,469 सक्रिय हैं। साथ ही सौर ऊर्जा क्षेत्र में 2.32 लाख से अधिक लोगों को प्रशिक्षण दिया गया है।

सरकार ने बताया कि योजना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल है। आवेदन, स्वीकृति, नेट मीटरिंग, ऋण और सब्सिडी वितरण ऑनलाइन होने से उपभोक्ताओं को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। जनसमर्थ पोर्टल के माध्यम से पेपरलेस ऋण और पीएफएमएस के जरिए 15 दिनों के भीतर सब्सिडी भुगतान की व्यवस्था की गई है।

सरकारी भवनों में भी सौर ऊर्जा के विस्तार पर तेजी से काम हो रहा है। अब तक 1.06 लाख सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा परियोजनाएं शुरू हो चुकी हैं। इनमें केंद्र सरकार के 25,255 भवन और राज्यों के 81,329 भवन शामिल हैं।

मुख्य बिंदु

  • 50.06 लाख परिवार पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े।
  • हर छह दिन में जुड़ रहे हैं एक लाख नए लाभार्थी।
  • जुलाई 2026 में 5.06 लाख नए रूफटॉप सोलर सिस्टम लगे।
  • 19 लाख परिवारों का बिजली बिल शून्य हुआ।
  • 14.8 गीगावाट रूफटॉप सौर क्षमता स्थापित।
  • 28,024 करोड़ रुपये की सब्सिडी डीबीटी के माध्यम से जारी।
  • 12 लाख परिवारों ने अतिरिक्त बिजली बेचकर 421 करोड़ रुपये कमाए।
  • 1.06 लाख सरकारी भवनों में सौर ऊर्जा परियोजनाएं शुरू।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर