2014 से जून 2026 तक रेलवे में 5.56 लाख भर्तियां, 1.62 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी: अश्विनी वैष्णव

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार


नई दिल्ली, 30 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बताया कि वर्ष 2014 से 30 जून 2026 तक भारतीय रेलवे में मिशन मोड के तहत 5.56 लाख भर्तियां की गई हैं। इनमें दक्षिण रेलवे में 50,485 नियुक्तियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में रिक्तियों को भरने की प्रक्रिया लगातार जारी रहती है और वर्तमान में 1,61,889 गैर-राजपत्रित पदों पर भर्ती की कार्रवाई चल रही है।

रेल मंत्री ने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 के भर्ती चक्र में आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं (सीबीटी) में करीब 4.5 करोड़ अभ्यर्थियों ने भाग लिया। भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने के लिए परीक्षाएं 150 से अधिक शहरों में 15 भारतीय भाषाओं में आयोजित की गईं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2004-05 से 2013-14 के बीच रेलवे में 4.11 लाख भर्तियां हुई थीं, जबकि 2014-15 से 30 जून 2026 तक यह संख्या बढ़कर 5.56 लाख हो गई है।

रेल मंत्री के अनुसार, वर्ष 2024 के वार्षिक भर्ती कैलेंडर के तहत 92,116 पदों, वर्ष 2025 में 51,970 पदों तथा वर्ष 2026 में अब तक 17,803 पदों के लिए केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचनाएं जारी की जा चुकी हैं। इनमें सहायक लोको पायलट (एएलपी), तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, पैरामेडिकल, आरपीएफ, एनटीपीसी, लेवल-1 और अन्य श्रेणियों के पद शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में 30 जून 2026 तक तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, पैरामेडिकल, मंत्रिस्तरीय एवं पृथक श्रेणियों तथा सहायक लोको पायलट सहित विभिन्न पदों के लिए 3,300 से अधिक अभ्यर्थियों के चयन पैनल को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इनमें अधिकांश पद सुरक्षा श्रेणी से संबंधित हैं।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रेलवे ने 2024 से वार्षिक भर्ती कैलेंडर की व्यवस्था शुरू की है। इससे अभ्यर्थियों को हर वर्ष नियमित अवसर, परीक्षा कार्यक्रम की निश्चितता तथा भर्ती, प्रशिक्षण और नियुक्ति की प्रक्रिया में तेजी का लाभ मिल रहा है। रेलवे ने बड़े पैमाने पर भर्ती परीक्षाओं को निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुरूप पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर