जन औषधि केंद्रों पर अब सस्ते प्रोटीन और पोषण सप्लीमेंट भी मिलेंगे

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

महंगे ब्रांडों की तुलना में किफायती कीमत पर उपलब्ध होंगे न्यूट्रास्यूटिकल उत्पाद

नई दिल्ली, 30 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना (पीएमबीजेपी) के तहत अब आम लोगों को जन औषधि केंद्रों पर किफायती दरों में प्रोटीन पाउडर, प्रोटीन बार, इम्युनिटी बार और अन्य पोषण सप्लीमेंट भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय का कहना है कि इसका उद्देश्य महंगे न्यूट्रिशन उत्पादों का सस्ता विकल्प उपलब्ध कराना है, ताकि अधिक से अधिक लोग संतुलित पोषण का लाभ उठा सकें।

जन औषधि की इस श्रृंखला में बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों के साथ-साथ मधुमेह और किडनी रोगियों के लिए भी अलग-अलग उत्पाद शामिल हैं।

महिलाओं के लिए वुमन प्रोटीन बूस्ट, मधुमेह रोगियों के लिए डायबिटीज केयर प्रोटीन पाउडर और किडनी मरीजों के लिए रीनल केयर प्रोटीन पाउडर उपलब्ध हैं। इसके अलावा प्रोटीन बार, इम्युनिटी बार और माल्ट आधारित पोषण आहार भी जन औषधि केंद्रों पर बेचे जा रहे हैं।

मंत्रालय के अनुसार, 500 ग्राम माल्ट आधारित पोषण आहार की कीमत 160.17 रुपये, कोको युक्त माल्ट आधारित उत्पाद 164.62 रुपये और 30 ग्राम का सैशे 8.90 रुपये है। महिलाओं के लिए 250 ग्राम वुमन प्रोटीन बूस्ट की कीमत 204.66 रुपये रखी गई है।

सरकार का कहना है कि ये उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार तैयार किए गए हैं और इनका उद्देश्य लोगों को कम कीमत पर बेहतर पोषण उपलब्ध कराना है। हालांकि, मधुमेह, किडनी या अन्य गंभीर बीमारियों से जुड़े विशेष पोषण उत्पादों का उपयोग डॉक्टर या आहार विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही किया जाना चाहिए।

प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के तहत देशभर में संचालित जन औषधि केंद्रों पर पहले से सस्ती जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। अब पोषण संबंधी उत्पादों को भी इस योजना में शामिल कर सरकार ने इसकी पहुंच का दायरा बढ़ाया है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर