12 साल के दिव्यांश ने लिखी ईश्वर पर किताब, राज्यपाल ने किया विमोचन

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

दादा की प्रेरणा से लिखी ‘थॉट्स अबाउट गॉड’, बाल लेखक ने ईश्वर और आध्यात्मिकता से जुड़े सवालों को दी शब्दों की शक्ल

रायपुर, 14 अगस्त 2026। रायपुर के 12 वर्षीय छात्र दिव्यांश सुल्तानिया ने ईश्वर और आध्यात्मिकता जैसे गंभीर विषय पर पुस्तक लिखी है। उसकी पुस्तक ‘थॉट्स अबाउट गॉड’ का शुक्रवार को राज्यपाल रमेन डेका ने विमोचन किया। राज्यपाल ने दिव्यांश के रचनात्मक प्रयास की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

दिव्यांश ने अपने दादा की प्रेरणा से यह पुस्तक लिखी है। पुस्तक में एक युवा छात्र के नजरिये से ईश्वर और आध्यात्मिकता से जुड़े विचारों, सवालों और अपनी समझ को सहज रूप में प्रस्तुत किया गया है।

12 साल की उम्र में विचारपरक विषय पर लेखन

दिव्यांश का यह प्रयास इसलिए खास है कि उसने महज 12 वर्ष की उम्र में ईश्वर जैसे गंभीर और विचारपरक विषय को अपनी किताब का विषय बनाया। पुस्तक में उसके मन में उठने वाले सवालों और उनके बारे में बनी उसकी समझ को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है।

राज्यपाल रमेन डेका ने पुस्तक के विमोचन के अवसर पर दिव्यांश की रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने, लिखने और नए विषयों पर विचार करने की आदत उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

दूसरी पुस्तक पर भी कर रहा काम

दिव्यांश अपनी दूसरी पुस्तक ‘फ्रॉम पॉकेट मनी टू पोर्टफोलियो’ पर भी काम कर रहा है। राज्यपाल ने इस पुस्तक के कवर का भी लॉन्च किया।

यह पुस्तक बच्चों और युवाओं में कम उम्र से ही बचत, निवेश और वित्तीय जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से लिखी जा रही है। इसमें गुल्लक के माध्यम से बचत की आदत विकसित करने और बचाई गई राशि के उचित निवेश के विचार को सरल एवं व्यावहारिक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।

राज्यपाल ने दिव्यांश को अपनी जिज्ञासा, रचनात्मकता और सीखने की ललक को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में दिव्यांश के पिता सुधीर सुल्तानिया, माता सरिता सुल्तानिया सहित अन्य परिजन उपस्थित रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर