बिलासपुर में समीक्षा बैठक में सख्ती; जलभराव के स्थायी समाधान, सड़कों की मरम्मत और मल्हार-रतनपुर के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश
बिलासपुर, 8 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। बिलासपुर जिले में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव ने सड़क के बीच बिजली के खंभे लगाए जाने के मामले पर नाराजगी जताई। उन्होंने बिल्हा के बरतोरी-मोहतरा मार्ग पर खड़े किए गए बिजली के खंभों की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच में जिम्मेदारी तय होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई है।
जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में साव ने काम में देरी और मैदानी स्तर पर निगरानी की कमी को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक से अनुपस्थित बिल्हा, कोटा और तखतपुर जनपद पंचायतों के सीईओ तथा रतनपुर नगर पालिका के सीएमओ को शो-कॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

अभी से शुरू हो तैयारी
बिलासपुर शहर में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या पर उप मुख्यमंत्री ने स्थायी समाधान की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि हर साल बारिश में सामने आने वाली समस्या का अस्थायी समाधान करने के बजाय ऐसी व्यवस्था बनाई जाए जिससे आने वाले वर्षों में जलभराव कम किया जा सके।
सड़कों में बारिश से होने वाली क्षति की मरम्मत के लिए भी अभी से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि बारिश समाप्त होते ही काम शुरू किया जा सके। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।
कोटा में 48 मलेरिया मरीज
बैठक में मौसमी बीमारियों की स्थिति की भी समीक्षा हुई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोटा विकासखंड में अब तक मलेरिया के 48 मरीज मिले हैं, जिनमें छह मरीज उपचाररत हैं। प्रभावित क्षेत्र में रोटरी क्लब के सहयोग से 1,500 मच्छरदानियां बांटी जा रही हैं।
साव ने गांव स्तर तक निगरानी बढ़ाने और मितानिनों तक आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
धान खरीदी के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन पर जोर
कृषि विभाग ने बताया कि पर्याप्त बारिश के कारण जिले में फसलों की स्थिति फिलहाल अच्छी है और बांधों में भी पर्याप्त पानी है। समितियों में करीब 300 क्विंटल बीज और 10 हजार मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।
साव ने धान खरीदी के लिए किसानों के एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन को जरूरी बताते हुए गांव-गांव शिविर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन के अभाव में कोई किसान धान बेचने से वंचित नहीं होना चाहिए।
मल्हार-रतनपुर के लिए बनेगा संयुक्त मास्टर प्लान
ऐतिहासिक नगरी मल्हार और रतनपुर के समन्वित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसमें दोनों क्षेत्रों की ऐतिहासिक विरासत, पर्यटन संभावनाओं और भविष्य की जरूरतों को शामिल करने को कहा गया है।
जल जीवन मिशन की 310 योजनाएं पूरी
जल जीवन मिशन की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि जिले की 804 सिंगल विलेज योजनाओं में से 310 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 219 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित की जा चुकी हैं।
साव ने योजनाओं के रखरखाव में स्थानीय भागीदारी बढ़ाने और जल संरक्षण के लिए जनभागीदारी को मजबूत करने पर जोर दिया।
वीबी-जी रामजी में स्थानीय जरूरतों के काम प्राथमिकता पर
वीबी-जी रामजी योजना की समीक्षा करते हुए साव ने कहा कि योजनाओं के तहत स्थानीय जरूरतों के आधार पर काम स्वीकृत किए जाएं। मुक्तिधाम, शौचालय, स्कूल मरम्मत, जल संरक्षण और छोटे बांध जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद साव ने जिला अस्पताल की जीवनदीप समिति और शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय की आयुष समिति की बैठकों में भी हिस्सा लिया। यहां अस्पताल और महाविद्यालय की सुविधाओं तथा विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा कर कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

बिलासपुर में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम शुरू, अब बायोमेट्रिक से मिलेगा राशन
सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक के इस्तेमाल की दिशा में बिलासपुर में अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम शुरू किया गया है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शनिवार को सरकंडा में ग्रेन एटीएम का शुभारंभ किया। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में जुड़े।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी सहित कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह और खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
