राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर विद्यार्थियों ने पोस्टरों में दिखाई भारत की अंतरिक्ष यात्रा

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 23 अगस्त 2026। वाय के न्यूज। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर, रायपुर में विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 150 से अधिक विद्यार्थियों ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम, भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों और अंतरिक्ष तकनीक के उपयोग पर अपनी प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में इसरो के नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर तथा रीजनल साइंस सेंटर नागपुर से जुड़े वैज्ञानिकों के साथ छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के विशेषज्ञ शामिल हुए। वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों से अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े अनुभव साझा किए और उन्हें वैज्ञानिक सोच तथा नवाचार के लिए प्रोत्साहित किया।

भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की विकास यात्रा

रीजनल साइंस सेंटर नागपुर के वैज्ञानिक मिमलिंद चाडोकर ने ‘इंडियाज स्पेस प्रोग्राम : पास्ट, प्रेजेंट, फ्यूचर’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत से लेकर अब तक की प्रमुख उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी विद्यार्थियों को दी।

छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के वैज्ञानिक-ई एम.के. बेग ने ‘एप्लीकेशन ऑफ सैटेलाइट टेक्नोलॉजी फॉर द डेवलपमेंट ऑफ छत्तीसगढ़’ विषय पर जानकारी दी। उन्होंने कृषि, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, पर्यावरण और विकास कार्यों में उपग्रह तकनीक के संभावित उपयोगों को समझाया।

‘थुम्बा से चंद्रमा और उससे आगे’ पर पोस्टर

‘इंडियाज स्पेस जर्नी : थुम्बा से चंद्रमा और उससे आगे’ विषय पर आयोजित पोस्टर प्रदर्शनी एवं प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा और भविष्य के मिशनों से जुड़े विचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल ने पोस्टरों का मूल्यांकन विषय-वस्तु, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर किया।

प्रतियोगिता में बी.पी. पुजारी शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की नेहा कोसले ने प्रथम, सावित्री बाई फुले एजुकेशनल एकेडमी की स्नेहा पांडेय ने द्वितीय और पं. गिरिजा शंकर मिश्रा स्कूल की सविता चक्रधारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लीना साहू, डेविड चालक और यशिका वर्मा को भी सम्मानित किया गया। विजेताओं को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार दिए गए।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ रीजनल साइंस सेंटर एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक प्रशांत कविश्वर सहित परिषद के वैज्ञानिक और अधिकारी मौजूद रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर