रायपुर, 31 अगस्त 2026। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), रायपुर के तत्वावधान में वैगन रिपेयर शॉप (डब्ल्यूआरएस), रायपुर में राजभाषा संगोष्ठी आयोजित की गई। इसमें नराकास रायपुर के 16 सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में वैगन रिपेयर शॉप के मुख्य कर्मशाला प्रबंधक निर्मल कुमार भंडारी मौजूद रहे। सहायक कर्मशाला कार्मिक अधिकारी एवं राजभाषा नोडल अधिकारी ए. रमेश बाबू तथा राजभाषा अधिकारी एवं नराकास के सचिव निकेश कुमार पाण्डेय भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में कार्यालयीन हिंदी के प्रभावी प्रयोग के साथ आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के माध्यम से हिंदी लेखन को सरल और प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई।
राजभाषा अधिकारी एवं नराकास सचिव निकेश कुमार पाण्डेय ने ‘विभिन्न प्रकार की रिपोर्ट’ विषय पर जानकारी दी। डॉ. कमल ने ‘कार्यालयीन अनुवाद : अपेक्षाएं, यथार्थ एवं भ्रांतियां’ विषय पर प्रस्तुति दी।
वहीं विनय कुमार पाण्डेय ने ‘चैट जीपीटी एवं अन्य एआई टूल्स के माध्यम से कार्यालयीन हिंदी लेखन’ विषय पर जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यालयीन कार्यों में एआई टूल्स के उपयोग से हिंदी लेखन को अधिक सरल और प्रभावी बनाने के तरीकों पर चर्चा की।
संगोष्ठी में कार्यालयीन हिंदी के इस्तेमाल, अनुवाद की व्यावहारिक चुनौतियों और एआई आधारित लेखन की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में नराकास के सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के आयोजन में राजभाषा अनुभाग, वैगन रिपेयर शॉप, रायपुर की भूमिका रही। आयोजकों ने अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
