राम मंदिर ट्रस्ट में पहली बार सीईओ नियुक्त, पूर्व एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा संभालेंगे जिम्मेदारी

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

ऑपरेशन सिंदूर में निभा चुके हैं भूमिका; मंदिर परिसर के प्रशासन और संचालन की देखरेख करेंगे

अयोध्या। श्री रामजन्मभूमि क्षेत्र ट्रस्ट ने मंदिर परिसर के प्रशासन और संचालन को व्यवस्थित करने के लिए पहली बार मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की है। पश्चिमी वायु कमान के पूर्व कमांडर और सेवानिवृत्त एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला सीईओ बनाया गया है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद नियुक्ति की घोषणा की गई। सीईओ के तौर पर मिश्रा ट्रस्ट के प्रशासनिक कामकाज के साथ श्री राम मंदिर परिसर से जुड़े प्रमुख परिचालन कार्यों की निगरानी करेंगे।

5,500 से ज्यादा आवेदन आए थे

मंदिर में चढ़ावे की चोरी के आरोपों के बाद ट्रस्ट ने सीईओ के चयन की प्रक्रिया शुरू की थी। इसके लिए 6 जुलाई को तीन सदस्यीय चयन समिति बनाई गई थी। समिति में सेवानिवृत्त न्यायाधीश प्रमोद कोहली, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और सुरेश हावरे शामिल थे।

सीईओ पद के लिए 5,500 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। चयन प्रक्रिया के बाद एयर मार्शल मिश्रा के नाम पर मुहर लगी।

ऑपरेशन सिंदूर में भी निभाई भूमिका

जीतेंद्र मिश्रा 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए थे। पश्चिमी वायु कमान के कमांडर के रूप में उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। ऑपरेशन सिंदूर में भी उनकी भूमिका रही। उन्हें अति विशिष्ट सेवा पदक (AVSM) और विशिष्ट सेवा पदक (VSM) से सम्मानित किया जा चुका है।

ट्रस्ट में तीन नए सदस्य

बैठक में ट्रस्ट के तीन नए सदस्यों की नियुक्ति की जानकारी भी दी गई। इनमें अयोध्या के वरिष्ठ अधिवक्ता मदन मोहन पांडे, दिल्ली के महेश भगचंदका और शिकोहाबाद की सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. निर्मला यादव शामिल हैं।

ट्रस्ट के अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन ने इन नियुक्तियों की जानकारी दी।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर