‘एक घंटा खेल के मैदान में’ और ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर आयोजन
रायपुर, 29 अगस्त 2026। मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV), रायपुर के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेल दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारत सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा भारतीय खेल प्राधिकरण के निर्देशानुसार किया गया।
ध्यानचंद को दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और अध्यक्षता अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मेजर ध्यानचंद के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
खेल, योग और व्यायाम पर जोर
अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. संजय शर्मा ने विद्यार्थियों को खेलकूद, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली के लिए दैनिक जीवन में खेल और व्यायाम को शामिल करने की अपील की।
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने विद्यार्थियों से खेल और शारीरिक गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है।
खेल अधिकारी की पुस्तक का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के खेल अधिकारी डॉ. राम कुमार ठाकुर द्वारा लिखित पुस्तक ‘Physical Education, First Aid, Yoga and Meditation: A Practical Perspective’ का विमोचन किया गया। पुस्तक में शारीरिक शिक्षा, प्राथमिक उपचार, योग और ध्यान से जुड़े विषयों को व्यावहारिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया गया है।
जुंबा और शारीरिक गतिविधियों में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
‘एक घंटा खेल के मैदान में’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को एक घंटे तक जुंबा और अन्य शारीरिक गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण वर्मा, डॉ. आशुतोष दुबे, सूबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा, डॉ. राम कुमार ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
