मां की हत्या में बेटा गिरफ्तार, पति पर भी केस

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार


मारपीट के बाद महिला की मौत; शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी थी, पुलिस जांच में खुला मामला

कोसीर, 7 सितंबर 2026, वाय के न्यूज। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर थाना क्षेत्र के डडाईडीह गांव में महिला की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने जांच के बाद महिला की हत्या के आरोप में उसके 24 वर्षीय बेटे सोहन बरेठ और 57 वर्षीय पति संपत बरेठ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार 5 सितंबर की सुबह संपत बरेठ काम से करीब सात बजे घर लौटा तो उसकी पत्नी बृतबाई घर में मृत मिली। उसने पुलिस को पत्नी की मौत का कारण पता नहीं होने की सूचना दी। कोसीर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव का पोस्टमार्टम कराया।

सिर और शरीर पर गंभीर चोट के निशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के कारण मौत होने की बात सामने आई। जांच के दौरान ग्रामीणों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि 4 सितंबर को महिला के पति और बेटे के बीच विवाद और मारपीट की आवाज ग्रामीणों ने सुनी थी। इसके बाद पुलिस का संदेह परिवार के सदस्यों पर गया।

पूछताछ में बेटे सोहन बरेठ ने पुलिस के सामने कथित तौर पर हत्या की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक उसके मेमोरेंडम कथन में बताया गया कि 4 सितंबर की शाम घर खर्च को लेकर पिता से उसका विवाद हुआ था। उसकी मां ने पिता का पक्ष लिया, जिसके बाद वह मां से भी विवाद करने लगा।

फरवा, लकड़ी और पीढ़ा से हमला करने का आरोप

पुलिस के अनुसार सोहन अपनी मां को घर के पीछे आंगन में ले गया और फरवा, लकड़ी, पीढ़ा तथा हाथ में आए अन्य ठोस सामान से उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने खून के निशान मिटाने के लिए पानी डालकर शव को साफ करने की कोशिश की और उसे वहीं छोड़कर सो गया।

पुलिस के मुताबिक रात करीब 12 से 1 बजे के बीच उसने शव को उठाकर घर के अंदर खटिया पर रखा। अगली सुबह उसके पिता संपत बरेठ को घटना की जानकारी हुई।

अंतिम संस्कार की तैयारी, कोटवार के बेटे ने रोका

पुलिस का कहना है कि इसके बाद पिता-पुत्र दोनों महिला के अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कोटवार के बेटे ने उन्हें रोकते हुए पुलिस को सूचना देने के लिए कहा। इसके बाद संपत ने थाने पहुंचकर पत्नी की मौत की सूचना दी और मौत का कारण नहीं जानने की बात कही।

जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार संपत ने भी पूछताछ में बेटे द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने और इसके बाद अंतिम संस्कार की तैयारी करने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कथित तौर पर घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा, पीढ़ा और आरोपियों के पहने हुए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं।

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238(क) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। सोहन बरेठ और संपत बरेठ को 6 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों को 7 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

कार्रवाई में एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान, एफएसएल अधिकारी संजय प्रसाद, कोसीर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनीता बंजारे सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर