AI से बने फोटो-वीडियो की भी होगी जांच, पुलिस को कार्रवाई के निर्देश
रायपुर, 26 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। सोशल मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट, फोटो और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से तैयार किए गए कथित वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग के अनुसार, सोशल मीडिया पर महिलाओं के संबंध में कथित अमर्यादित टिप्पणियां, आपत्तिजनक पोस्ट और भ्रामक दृश्य सामग्री प्रसारित किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। यदि जांच के दौरान यह पाया जाता है कि फोटो या वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से तैयार किए गए हैं, तो उनकी तकनीकी जांच भी कराई जाएगी।

महिला आयोग ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि मामले की विस्तृत जांच कर निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई प्रतिवेदन (Action Taken Report) आयोग को प्रस्तुत किया जाए। साथ ही, आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने, उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और प्रसारित करने में शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाए।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) तथा अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
महिला आयोग का कहना है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने या AI तकनीक का इस्तेमाल कर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री तैयार करने के मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। आयोग ने पुलिस से निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने को कहा है।
