बिलासपुर/रायपुर, 31 अगस्त 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में रेल परिचालन की निगरानी अब लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम से की जाएगी। इस सिस्टम के जरिए ट्रेनों की आवाजाही, सिग्नलिंग और स्टेशनों के यार्ड व ब्लॉक सेक्शन की स्थिति को वास्तविक समय में देखा जा सकेगा। सिस्टम का शुभारंभ सोमवार को दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया।
बिलासपुर मंडल के डिवीजनल कंट्रोल में स्थापित इस सिस्टम में एक बड़ा वीडियो वॉल लगाया गया है। इसके जरिए कंट्रोल कार्यालय में बैठे अधिकारी अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रेनों की स्थिति और सिग्नलिंग व्यवस्था का एकीकृत दृश्य देख सकेंगे।

बिलासपुर के 47 और रायपुर के 12 स्टेशन निगरानी में
लाइव ट्रेन मॉनिटरिंग सिस्टम के जरिए बिलासपुर मंडल के 47 और रायपुर मंडल के 12 स्टेशनों, यानी कुल 59 स्टेशनों के रेल परिचालन की निगरानी की जा सकेगी।
सिस्टम में ट्रेनों की आवाजाही और सिग्नलिंग की स्थिति की वास्तविक समय में जानकारी उपलब्ध होगी। इसके अलावा स्टेशनों के यार्ड और ब्लॉक सेक्शन का एकीकृत दृश्य भी कंट्रोल कार्यालय में देखा जा सकेगा।
परिचालन संबंधी फैसले लेने में मिलेगी मदद
रेलवे के अनुसार, किसी परिचालन संबंधी स्थिति में अधिकारियों को तत्काल स्थिति समझने और आवश्यक निर्णय लेने में इस सिस्टम से मदद मिलेगी। केंद्रीकृत निगरानी से विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और ट्रेनों के परिचालन को अधिक समयबद्ध बनाने में सहायता मिलने की उम्मीद है।
रेलवे ने इसे तकनीक आधारित स्मार्ट रेल परिचालन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है। सिस्टम के जरिए वास्तविक समय के आंकड़ों और डिजिटल निगरानी को एक जगह उपलब्ध कराया गया है।
कार्यक्रम में प्रधान मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर जीपी खुटे, प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक केके सिन्हा, बिलासपुर के मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
