रायपुर, 4 अगस्त, वाय के न्यूज। सुकमा जिले में प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई कर दो नाबालिगों के विवाह रुकवा दिए। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई, पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम भारी बारिश के बीच फूलबगड़ी गांव के कवासीपारा पहुंची और परिवारों को समझाइश देकर बाल विवाह टालने के लिए राजी किया।
अधिकारियों के पहुंचने तक दोनों परिवारों में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। टीम ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कम उम्र में विवाह के कानूनी, स्वास्थ्य और शैक्षणिक प्रभावों से परिवारों को अवगत कराया।
समझाइश के बाद दोनों परिवारों ने विवाह स्थगित करने पर सहमति जताई। प्रशासन के अनुसार दोनों बालिकाओं ने अपनी पढ़ाई जारी रखने की इच्छा भी व्यक्त की।
कार्रवाई के दौरान पंचनामा और घोषणा-पत्र तैयार कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई, ताकि भविष्य में बाल विवाह की पुनरावृत्ति न हो।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार यह कार्रवाई कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशन में की गई। अभियान में जिला बाल संरक्षण इकाई, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त टीम शामिल रही।
जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
