3 AC स्लीपर, 3 AC चेयर, 11 नॉन-AC चेयर और 2 पावर कार शामिल; 415 वोल्ट विद्युत प्रणाली और क्रैशवर्दी डिजाइन जैसी विशेषताएं
नई दिल्ली, 11 अगस्त 2026। रेल डिब्बा कारखाना (RCF), कपूरथला बांग्लादेश रेलवे के लिए तैयार किए गए 19 LHB ब्रॉड गेज यात्री डिब्बों के पहले रेक का 12 अगस्त को रोल-आउट करेगा। यह रेक बांग्लादेश रेलवे की परिचालन और यात्री आवश्यकताओं के अनुरूप विशेष रूप से डिजाइन किए गए कोचों से तैयार किया गया है।
पहले रेक में 3 AC स्लीपर कार, 3 AC चेयर कार, 11 नॉन-AC चेयर कार और 2 पावर कार शामिल हैं। इन कोचों में कई ऐसे डिजाइन बदलाव किए गए हैं, जिन्हें RCF ने LHB प्रकार के डिब्बों के लिए विशेष रूप से विकसित किया है।

बांग्लादेश की जरूरतों के मुताबिक डिजाइन
कोचों में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष रिक्लाइनिंग चेयर लगाई गई हैं। इनमें स्टेनलेस स्टील आर्मरेस्ट और फुटरेस्ट के साथ सीटों को कई पोजीशन में पीछे की ओर झुकाने की सुविधा है।
AC कोचों में पंखे, इंटीग्रेटेड CCTV सर्विलांस सिस्टम, पैसेंजर अलार्म सिस्टम, आंशिक रूप से खुलने वाली खिड़कियां, बेबी केयर रूम और प्रार्थना कक्ष जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं।
बांग्लादेश रेलवे की परिचालन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए कोचों की रूफ स्ट्रक्चर को मजबूत किया गया है। इसका उद्देश्य पीक ट्रैफिक अवधि में छत पर यात्रियों के अतिरिक्त भार को सहन करने की क्षमता बढ़ाना है।
EN 15227 के अनुरूप क्रैशवर्दी डिजाइन
इन कोचों की प्रमुख तकनीकी विशेषताओं में यूरोपीय मानक EN 15227 के अनुरूप Crashworthy Design Provisions शामिल हैं। इसके लिए कोच की कार-बॉडी शेल का व्यापक पुनःडिजाइन किया गया है, ताकि टक्कर की स्थिति में संरचना बेहतर प्रदर्शन कर सके और यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाई जा सके।
कोचों की विद्युत प्रणाली को भी बांग्लादेश रेलवे की जरूरत के अनुरूप 415 वोल्ट ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है। PIB के अनुसार, भारतीय रेलवे के कोचों में सामान्यतः 750 वोल्ट प्रणाली का इस्तेमाल होता है।

2015-16 में शुरू हुआ था सहयोग
RCF और बांग्लादेश रेलवे के बीच यात्री कोचों की आपूर्ति का सहयोग 2015-16 में 120 LHB ब्रॉड गेज यात्री कोचों की सफल आपूर्ति के साथ शुरू हुआ था।
इसके बाद बांग्लादेश रेलवे ने वर्ष 2024 में RITES के माध्यम से RCF को 200 ब्रॉड गेज यात्री कोचों के निर्माण और आपूर्ति का ऑर्डर दिया। ये कोच सात अलग-अलग प्रकार के हैं।
इस क्रम में तैयार पहला 19-कोच रेक 12 अगस्त को कपूरथला से रोल-आउट किया जाएगा।
