रायपुर, 5 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को 2025 बैच के छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा के सात प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टरों से मुलाकात कर उन्हें जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी का काम केवल सरकारी योजनाएं लागू करना नहीं, बल्कि लोगों का विश्वास जीतना भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी अपने व्यवहार में संवेदनशीलता, पारदर्शिता, ईमानदारी और जवाबदेही को प्राथमिकता दें। लोगों की समस्याएं सुनें और उनका समय पर समाधान करें, क्योंकि प्रशासन के प्रति जनता का भरोसा अधिकारियों की कार्यशैली से ही बनता है।
उन्होंने कहा कि दूरस्थ और आदिवासी क्षेत्रों में काम करने के दौरान अधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों को समझते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने राजस्व से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए कहा कि नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और भूमि संबंधी प्रकरण सीधे आम लोगों के जीवन से जुड़े होते हैं। ऐसे मामलों का त्वरित और मानवीय दृष्टिकोण से निराकरण किया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों से नई तकनीक का उपयोग कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने का भी आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ई-ऑफिस व्यवस्था और सुशासन से जुड़े सुधार इसी दिशा में किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी के संचालक टी.सी. महावर ने बताया कि 2025 बैच के सातों प्रशिक्षु अधिकारियों का इंडक्शन प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। अब उन्हें प्रदेश के विभिन्न जिलों में डिप्टी कलेक्टर के रूप में पदस्थ कर प्रशासनिक कार्यों का व्यावहारिक अनुभव दिया जाएगा।

