नई दिल्ली, 21 अगस्त। वाय के न्यूज। जंतर-मंतर पर 20 जुलाई को छात्र प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन से घायल होने का दावा करने वाले छात्र साहिल लोचब की शिकायत पर दिल्ली पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज किए जाने की खबरें सामने आई हैं। टाइम्स ऑफ इंडिया ने पुलिस सूत्रों के हवाले से एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी है, जबकि अन्य रिपोर्टों में इसे अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया जाना बताया गया है।
एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को साहिल लोचब के साथ दिल्ली के संसद मार्ग थाने पहुंचे थे। इससे पहले साहिल अपने वकीलों के साथ 14 अगस्त को पुलिस के पास लिखित शिकायत लेकर पहुंचे थे। कांग्रेस के अनुसार 17 अगस्त को ईमेल और फोन के माध्यम से भी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई।
शुक्रवार को राहुल गांधी ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से मुलाकात के बाद एफआईआर दर्ज होने तक धरने पर बैठने की घोषणा की। बाद में प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के अन्य नेता भी संसद मार्ग थाने पहुंचे। राहुल गांधी का आरोप था कि 20 जुलाई को शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान साहिल को पैलेट गन से चोट लगी और उसकी एक आंख की रोशनी प्रभावित हुई है।
दिल्ली पुलिस का पक्ष इससे अलग है। पुलिस ने पहले पैलेट गन के इस्तेमाल से इनकार किया था। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि 20 जुलाई के प्रदर्शन से संबंधित शिकायतों की जांच पहले से अपराध शाखा कर रही है और साहिल की शिकायत को भी उसी जांच में शामिल किया जा सकता है।
साहिल और उसके परिवार का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई में पैलेट के छर्रे लगने से वह गंभीर रूप से घायल हुआ। रिपोर्टों के अनुसार उसके शरीर में बड़ी संख्या में पैलेट के छर्रे पाए गए और उसकी आंख की रोशनी प्रभावित हुई है। इन दावों और पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर पुलिस के पक्ष के बीच विवाद बना हुआ है।
