पुरानी तस्वीरों में लौटे मुख्यमंत्री साय के पुराने दिन, खुद कैमरा थाम फोटो पत्रकार की तस्वीर खींची

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 23 अगस्त। वाय के न्यूज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को रायपुर प्रेस क्लब के पांच दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के समापन समारोह में शामिल हुए। प्रदर्शनी में अपनी पुरानी तस्वीरें देखकर वे अपने राजनीतिक सफर और गांव-खेती से जुड़े दिनों की यादों में लौट गए। इस दौरान उन्होंने पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर से जुड़ा एक रोचक संस्मरण भी साझा किया।

19 अगस्त से आयोजित इस फोटो फेस्ट में प्रकृति, पर्यावरण, संस्कृति, परंपरा, समाचार और जनसरोकार से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए फोटो पत्रकारों और ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरों की सराहना की।

प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री के सार्वजनिक जीवन से जुड़ी कई पुरानी तस्वीरें भी थीं। पहली बार विधायक बनने के समय की तस्वीर देखकर उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने विशेष रूप से सफारी सूट सिलवाया था। पुरानी तस्वीर ने उस दौर की यादें ताजा कर दीं और मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद लोगों के साथ इससे जुड़ा प्रसंग साझा किया।

खेती-किसानी से जुड़ी तस्वीरों ने भी मुख्यमंत्री का ध्यान खींचा। हल चलाते हुए अपनी तस्वीर देखकर उन्होंने गांव और खेती के दिनों को याद किया। उन्होंने कहा कि ऐसी तस्वीरें उन्हें अपनी मिट्टी, खेत-खलिहान और पुराने दिनों से जोड़ती हैं।

प्रदर्शनी के दौरान एक सहज और दिलचस्प दृश्य भी देखने को मिला। आमतौर पर जिन फोटो पत्रकारों के कैमरे मुख्यमंत्री की तस्वीरें लेते हैं, उनमें से एक फोटो पत्रकार की तस्वीर इस बार खुद मुख्यमंत्री ने कैमरा उठाकर खींची। यह क्षण आयोजन में मौजूद लोगों के लिए खास आकर्षण रहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि तस्वीरें केवल किसी घटना को दर्ज नहीं करतीं, बल्कि समय, समाज और स्मृतियों को भी सहेजती हैं। कई बार एक तस्वीर बिना शब्दों के पूरी कहानी कह देती है। उन्होंने कहा कि फोटो पत्रकार कठिन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचकर महत्वपूर्ण घटनाओं और सामाजिक बदलावों को कैमरे में दर्ज करते हैं, इसलिए फोटो पत्रकारिता पत्रकारिता का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

‘दृश्य संवाद 2026’ में प्रेस फोटो पत्रकारों के साथ ओपन कैटेगरी के प्रतिभागियों की तस्वीरें भी प्रदर्शित की गईं। पांच दिनों के दौरान पत्रकारों, विद्यार्थियों, फोटोग्राफी प्रेमियों और आम नागरिकों ने प्रदर्शनी देखी।

समापन समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा सहित पदाधिकारी, फेस्ट के संयोजक दीपक पांडे और बड़ी संख्या में फोटो पत्रकार उपस्थित रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर