तेज बारिश से रायपुर की अनेक कॉलोनियों में जलभराव

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

स्वराज्य करुण/ आकांक्षा तिवारी वर्षा/ यदा कदा टीम

रायपुर, 23 अगस्त। वाय के न्यूज। राजधानी रायपुर में तेज बारिश के बाद कई आवासीय इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। महात्मा गांधी वार्ड के सड्डू हाउसिंग बोर्ड, बीएसयूपी कॉलोनी, पाम रिसोर्ट, खेमका और वृंदावन कॉलोनी में सड़क और सीवरेज का पानी जमा होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई। कई घरों में पानी घुसने की जानकारी है। वहीं मठपुरैना स्थित शिवा रेसिडेंसी फेज-1 की सड़कें भी जलमग्न हो गईं और लोगों को घरों तक पहुंचने तथा वाहनों को निकालने में परेशानी हुई।

सड्डू में सड़क और सीवरेज का पानी घरों तक

महात्मा गांधी वार्ड के सड्डू हाउसिंग बोर्ड, बीएसयूपी कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में बारिश के बाद सड़क पर पानी भर गया। स्थानीय रहवासियों के अनुसार कुछ स्थानों पर सड़क पर जमा पानी के साथ सीवरेज का पानी भी आ गया। पानी घरों में पहुंचने के बाद लोगों को घरेलू सामान सुरक्षित स्थानों पर रखना पड़ा।

रहवासियों का कहना है कि इन इलाकों में पर्याप्त जलनिकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर जमा होता है। सीवरेज लाइन से पानी निकलने के कारण समस्या और गंभीर हो जाती है। जलभराव के चलते कई जगह सड़कें डूब गईं, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ।

तालाब का पानी घरों में घुसा, जेसीबी से कराई निकासी

सड्डू बाजार चौक के पास रविवार को लगातार बारिश के चलते तालाब का पानी आसपास के घरों और सड़क पर भर गया। पानी घरों में घुसने से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव की सूचना के बाद मौके पर जेसीबी मशीन पहुंचाई गई और पानी की निकासी के लिए रास्ता बनाया गया।

तालाब का पानी सड़क पर फैलने से आवागमन भी प्रभावित हुआ। बड़ी मात्रा में पानी भरने के कारण लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। जेसीबी की मदद से पानी के बहाव को दूसरी ओर मोड़कर निकासी की व्यवस्था की गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान तालाब का पानी ओवरफ्लो होने से आसपास के इलाके में जलभराव की स्थिति बन जाती है। लोगों ने स्थायी जलनिकासी व्यवस्था किए जाने की मांग की है, ताकि बारिश के दौरान घरों में पानी घुसने की समस्या से राहत मिल सके।

वीडियो एवं फोटो सौजन्य : सोनू क्षत्री सुपरवाइजर, नगर निगम
सड्डू के हालात

सीवरेज पाइपलाइन के काम पर पहले जताई थी आपत्ति

महात्मा गांधी वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि भारत धीवर के अनुसार कुछ समय पहले कॉलोनी में नई सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा रहा था। उन्होंने उस समय संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के सामने काम की गुणवत्ता तथा जलनिकासी व्यवस्था को लेकर आपत्ति जताई थी।

उनका कहना है कि काम संतोषजनक नहीं होने की शिकायत उस समय ही की गई थी, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। अब बारिश के दौरान सड़क और सीवरेज का पानी घरों तक पहुंचने से रहवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मठपुरैना की शिवा रेसिडेंसी भी पानी में डूबी

राजधानी के मठपुरैना स्थित शिवा रेसिडेंसी फेज-1 में भी 23 अगस्त को दोपहर करीब डेढ़ से दो घंटे हुई तेज बारिश के बाद कॉलोनी की सड़कें जलमग्न हो गईं। सड़कों पर पानी भरने से लोगों को वाहन खड़े करने और पैदल आने-जाने में परेशानी हुई। घरों के सामने सड़कें पानी में डूब जाने के कारण लोगों के लिए घर में प्रवेश करना तक मुश्किल हो गया।

शिवा रेसिडेंसी का नज़ारा

बाहर की सड़क ऊंची होने से पानी कॉलोनी में आने का दावा

शिवा रेसिडेंसी के रहवासियों के अनुसार कॉलोनी के बाहर की नगर निगम सड़क की ऊंचाई कॉलोनी की अंदरूनी सड़क से अधिक हो गई है। उनका कहना है कि बाहर की सड़क की नाली को कॉलोनी की नाली से भी जोड़ दिया गया है। इसके कारण बारिश के दौरान बाहर की सड़क का पानी कॉलोनी के भीतर आने की समस्या पैदा होती है।

रहवासियों के मुताबिक तेज बारिश के बाद कॉलोनी की सड़कें पानी में डूब जाती हैं और बारिश रुकने के बाद भी पानी उतरने में कम से कम दो घंटे लगते हैं। लोगों का कहना है कि जलनिकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मानसून में तेज बारिश होते ही हर साल ऐसी स्थिति बनती है।

1100 ने कहा हम सिर्फ नाली-कचरे की शिकायत लेते हैं

आज शाम लगभग 4.30बजे नगर निगम रायपुर की हेल्पलाइन,निदान 1100 में कॉल करने पर इस संवाददाता को जवाब मिला कि इस नम्बर पर सिर्फ नाली और कचरा सफाई की शिकायत दर्ज की जाती है ,पानी में डूबी सड़कों की नहीं । यह पूछने पर कि जलमग्न सड़कों के बारे में शिकायत कहां दर्ज करे , हेल्पलाइन 1100में बैठे कर्मचारी ने क्षमा मांगते हुए कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। पूछे जाने पर संबंधित कर्मचारी ने अपना नाम बताने से इंकार कर दिया।

स्थायी समाधान की मांग

दोनों इलाकों के रहवासियों ने नगर निगम से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल पानी निकासी कराने की मांग की है। इसके साथ ही सीवरेज और जलनिकासी व्यवस्था की तकनीकी जांच कराने तथा जहां सड़क और नालियों की ऊंचाई अथवा कनेक्शन के कारण पानी जमा हो रहा है, वहां स्थायी सुधार की मांग की गई है।

रायपुर में 23 अगस्त को हुई बारिश के बाद शहर के मुख्य मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति सामने आई। स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार राजधानी समेत मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में जलभराव वाले आवासीय इलाकों में समस्या दोबारा बढ़ने की आशंका के बीच रहवासी तत्काल जलनिकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर