तमिलनाडु के पर्यटकों को छत्तीसगढ़ लाने की तैयारी, चेन्नई में 130 से ज्यादा टूर ऑपरेटरों से संपर्क

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

पहली बार तमिल भाषा में दिखाया गया छत्तीसगढ़ का पर्यटन; टूर ऑपरेटरों के साथ कारोबारी साझेदारी पर जोर

रायपुर/चेन्नई। दक्षिण भारत के पर्यटकों को छत्तीसगढ़ की ओर आकर्षित करने के लिए पर्यटन विभाग ने तमिलनाडु के बाजार पर फोकस बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने चेन्नई में रोड शो कर 130 से अधिक ट्रैवल एजेंटों और टूर ऑपरेटरों को राज्य के पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और निवेश की संभावनाओं से परिचित कराया।

रोड शो में छत्तीसगढ़ और चेन्नई के पर्यटन कारोबारियों के बीच बी2बी बैठकें हुईं। इन बैठकों का उद्देश्य तमिलनाडु से पर्यटकों के समूह छत्तीसगढ़ लाने और दोनों राज्यों के पर्यटन कारोबारियों के बीच सीधे व्यावसायिक संपर्क बढ़ाना रहा।

पहली बार तमिल में पर्यटन की जानकारी

रोड शो की खास बात यह रही कि पहली बार छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन कारोबार से जुड़ी संभावनाओं की जानकारी तमिल भाषा में भी दी गई। पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन ने तमिल और अंग्रेजी में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत की जानकारी दी।

प्रस्तुतीकरण में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों के साथ जंगल, जलप्रपात, आदिवासी संस्कृति, ऐतिहासिक और विरासत स्थलों को दक्षिण भारत के पर्यटकों के लिए संभावित आकर्षण के रूप में सामने रखा गया।

टूर ऑपरेटरों के साथ कारोबार बढ़ाने पर जोर

पर्यटन बोर्ड के एमडी सौमिल रंजन चौबे ने छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, उपलब्ध पर्यटन सुविधाओं और निवेश की संभावनाओं की जानकारी दी। टूर ऑपरेटरों के साथ हुई बातचीत में पर्यटक समूहों के लिए नए टूर पैकेज और कारोबारी साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।

पर्यटन बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा सहित पर्यटन विभाग और फिक्की के प्रतिनिधि भी रोड शो में शामिल हुए। तमिलनाडु पर्यटन विभाग के निदेशक डॉ. वी.पी. जैसलेन समेत स्थानीय पर्यटन क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन भी कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव और राज्य की पर्यटन संभावनाओं पर विचार साझा किए।

रोड शो के जरिए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने दक्षिण भारत के बड़े पर्यटन बाजार में राज्य की पहुंच बढ़ाने और वहां के पर्यटकों को छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों तक लाने की कोशिश शुरू की है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर