पुणे, 1 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को शनिवार को पुणे में आयोजित समारोह में लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया। लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की 106वीं पुण्यतिथि के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। यह पुरस्कार लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट की ओर से दिया जाता है।
समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि अजीत डोभाल ने देश की राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई अहम फैसलों को प्रभावी ढंग से लागू करने में डोभाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने इसे राष्ट्र के प्रति उनकी उत्कृष्ट सेवा का सम्मान बताया।
सम्मान स्वीकार करते हुए अजीत डोभाल ने कहा कि यह पुरस्कार उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने युवाओं से लोकमान्य तिलक के देशभक्ति, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखने की जिम्मेदारी भी है।
डोभाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक मजबूत और सक्षम राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में सभी नागरिकों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन एवं सहकारिता राज्य मंत्री मुरलीधर मोहन, लोकमान्य तिलक स्मारक ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. रोहित तिलक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
