डेढ़ घंटे में बचाए गए 16 बच्चे, बाल श्रम नेटवर्क की जांच तेज

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 6 अगस्त 2026। बाल श्रम के लिए बस से ले जाए जा रहे 16 बच्चों के रेस्क्यू मामले में अब पूरे नेटवर्क की जांच शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग, चाइल्ड हेल्पलाइन और स्पेशल जुवेनाइल पुलिस यूनिट (SJPU) की संयुक्त कार्रवाई में बुधवार रात बच्चों को सुरक्षित बचाया गया था।

मामले में पुलिस ने बच्चों को काम पर लगाने के लिए ले जा रहे नियोक्ता लक्ष्मण पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बच्चों को ले जाने की योजना में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

सूचना मिलने के बाद आयोग ने दिखाई तत्परता


राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा को 5 अगस्त की शाम करीब 7 बजे एसोसिएशन फॉर वॉलंटरी एक्शन (AVA) से सूचना मिली थी कि रायपुर से एक बस के माध्यम से बच्चों को बाल श्रम के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आयोग ने SJPU दुर्ग और चाइल्ड हेल्पलाइन को सक्रिय किया।

करीब डेढ़ घंटे के भीतर रात 8:30 बजे संयुक्त टीम ने बस को रोककर बच्चों को रेस्क्यू कर लिया। बस में कुल 16 बच्चे मिले, जिनमें 7 नाबालिग हैं। इनकी उम्र 14 से 16 वर्ष के बीच बताई गई है। बच्चे राजनांदगांव और कबीरधाम जिले के हैं तथा इनमें बैगा जनजाति के बच्चे भी शामिल हैं।

मशरूम यूनिट में काम कराने का था आरोप


प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बच्चों को दुर्ग जिले के कचन्दूर स्थित मॉडर्न एग्रो मशरूम में काम कराने के लिए ले जाया जा रहा था। रेस्क्यू किए गए बच्चों को फिलहाल बाल आश्रय गृह में रखा गया है, जहां उनकी काउंसलिंग और आवश्यक देखभाल की जा रही है।

आयोग ने कहा- बाल श्रम पर होगी सख्त कार्रवाई


डॉ. वर्णिका शर्मा ने कहा कि बाल श्रम और बाल शोषण के मामलों में आयोग जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले सभी लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दें सूचना


आयोग ने आम लोगों से अपील की है कि कहीं भी बाल श्रम, बाल तस्करी या बच्चों के अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या संबंधित विभाग को सूचना दें।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर