रांची, 3 अगस्त, वाय के न्यूज। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों का आंदोलन सोमवार को 10वें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी पूरे मामले की सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
छात्रों का आरोप है कि 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में ओएमआर शीट से छेड़छाड़ कर बड़े पैमाने पर अनियमितताएं की गईं। आंदोलन के समर्थन में रविवार को रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्रनाथ महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि जब तक मामले की सीबीआई जांच के आदेश नहीं दिए जाते और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, मामले की जांच कर रही झारखंड सीआईडी ने जेपीएससी के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगटे से लगातार चौथे दिन पूछताछ की। खियांगटे इससे पहले अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
इसी क्रम में झारखंड सीआईडी और रांची पुलिस ने जांच के तहत रांची, धनबाद, हजारीबाग, पलामू तथा बिहार के कुछ स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।
