पेंशन, कैशलेस इलाज और सामाजिक सुरक्षा मजबूत करने की मांग
रायपुर, 29 अगस्त 2026। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव ने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की है कि जेन जी और जेन अल्फा की जरूरतों और भविष्य को ध्यान में रखकर नीतियां बनाने के साथ वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं और सामाजिक सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जाए।
नामदेव ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय देश, समाज और परिवार की सेवा में लगाया है। बदलते दौर में युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, तकनीक और नए अवसर जरूरी हैं, लेकिन बुजुर्गों के लिए पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाएं, चिकित्सा उपचार और सम्मानजनक जीवन भी सरकार की प्राथमिकताओं में होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई और चिकित्सा खर्च के कारण अनेक वरिष्ठ नागरिक आर्थिक दबाव का सामना कर रहे हैं। उन्होंने पेंशन और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को मजबूत करने के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सार्वजनिक परिवहन में सहूलियत और सरकारी कार्यालयों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्राथमिकता सुनिश्चित करने की मांग की।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण आयोग की मांग
नामदेव ने वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए वरिष्ठ नागरिक कल्याण आयोग अथवा प्रभावी संस्थागत तंत्र बनाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को केवल सामाजिक सुरक्षा के लाभार्थी के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उनके अनुभव और ज्ञान का उपयोग नई पीढ़ी के मार्गदर्शन में किया जा सकता है।
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि देश का विकास तभी पूर्ण माना जाएगा, जब बच्चों और युवाओं के भविष्य के साथ बुजुर्गों के वर्तमान की सुरक्षा और सम्मान भी सुनिश्चित हो।
वीरेंद्र नामदेव ने कहा, “जेन जी और जेन अल्फा देश का भविष्य हैं, लेकिन सीनियर सिटीजन देश का अनुभव और आधार हैं। भविष्य संवारने के साथ-साथ आधार को मजबूत और सम्मानित रखना भी सरकारों की जिम्मेदारी है।”
