छत्तीसगढ़ में बाघों की संख्या 18 से बढ़कर 35 हुई: केदार कश्यप

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

वन विभाग की उपलब्धियां गिनाईं, बस्तर में 21.67 लाख मानव-दिवस रोजगार का अनुमान

रायपुर, 1 सितंबर 2026। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने मंगलवार को विभागीय उपलब्धियां बताते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में बाघों की संख्या वर्ष 2022 के 18 से बढ़कर 2026 में 35 हो गई है। उन्होंने इसे वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि बताया। उनके अनुसार प्रदेश में बाघों की संख्या में करीब 94 प्रतिशत वृद्धि हुई है।

नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में पत्रकारवार्ता में कश्यप ने कहा कि सरकार का फोकस वन संरक्षण के साथ वनवासियों की आय बढ़ाने, जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और तकनीक आधारित वन प्रबंधन पर है।

बस्तर में वानिकी कार्य फिर शुरू होंगे

मंत्री ने कहा कि बस्तर के माओवादी प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के बाद वन विभाग ने दूरस्थ और संवेदनशील क्षेत्रों में वानिकी तथा विदोहन कार्य फिर शुरू करने की तैयारी की है। दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव और कांकेर के वन क्षेत्रों में इमारती लकड़ी और बांस विदोहन के काम किए जाएंगे।

इन गतिविधियों से करीब 21.67 लाख मानव-दिवस रोजगार सृजित होने का अनुमान है। सरकार का दावा है कि इससे स्थानीय रोजगार बढ़ने के साथ पलायन कम करने में भी मदद मिलेगी।

तेंदूपत्ता संग्राहकों को 757 करोड़ का भुगतान

कश्यप ने बताया कि छत्तीसगढ़ में तेंदूपत्ता संग्रहण की दर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा है। वर्ष 2025 में 11.44 लाख परिवारों ने 13.85 लाख मानक बोरा तेंदूपत्ता संग्रह किया और उन्हें 757 करोड़ रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया। 7.14 लाख संग्राहकों को 153 करोड़ रुपये प्रोत्साहन पारिश्रमिक दिया गया।

वनोपज के समर्थन मूल्य पर खरीदी के तहत 36,580 क्विंटल वनोपज खरीदी गई और संग्राहकों को 16.66 करोड़ रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया गया।

मानव-हाथी संघर्ष के लिए ‘गज संकेत’

मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए विभाग ने ‘गज संकेत’ ऐप और ‘गजरथ यात्रा’ शुरू की है। मंत्री के अनुसार 90 हाथी मित्र दलों में 545 प्रशिक्षित सदस्य गांवों में जागरूकता का काम कर रहे हैं। 12 अगस्त को विश्व हाथी दिवस पर दरभा में ‘गज संकेत’ ऐप लॉन्च किया गया था।

कृष्ण मृगों की संख्या 200 के पार

बारनवापारा अभयारण्य में कृष्ण मृगों की संख्या 77 से बढ़कर 200 से अधिक होने की जानकारी भी मंत्री ने दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 अप्रैल 2026 के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में इस उपलब्धि की सराहना की थी।

मंत्री के अनुसार इंद्रावती में प्राकृतिक रूप से 14 से 17 वन भैंसे मौजूद हैं, जबकि असम से लाए गए वन भैंसों की संख्या 6 से बढ़कर 11 हो गई है। पहाड़ी मैना की संख्या 800 से 900 दर्ज की गई है।

गुरुघासीदास-तमोर पिंगला देश का तीसरा बड़ा टाइगर रिजर्व

कश्यप ने बताया कि 2,829.387 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला गुरुघासीदास-तमोर पिंगला देश का तीसरा सबसे बड़ा टाइगर रिजर्व है। वर्ष 2024 में इसकी अधिसूचना जारी हुई थी। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) ने बांधवगढ़ से तीन बाघिनों के स्थानांतरण की अनुमति दी है। बरसात के बाद इन्हें छत्तीसगढ़ लाने की तैयारी है।

कांगेर घाटी यूनेस्को की अस्थायी सूची में

मंत्री ने बताया कि 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैले कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान को वर्ष 2025 में यूनेस्को की अस्थायी सूची में शामिल किया गया। यहां पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के लिए 35 जिप्सी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे करीब 200 स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का दावा किया गया।

कोपरा जलाशय राज्य का पहला रामसर साइट

कश्यप ने कहा कि बिलासपुर का कोपरा जलाशय छत्तीसगढ़ का पहला रामसर साइट घोषित किया गया है। सरकार ने वर्ष 2030 तक प्रदेश में 20 रामसर साइट विकसित करने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश में 500 से अधिक ‘वेटलैंड मित्र’ कार्यरत होने की जानकारी भी दी गई।

वन प्रशासन में डिजिटल सिस्टम पर जोर

वन विभाग में भुगतान प्रक्रिया को एंड-टू-एंड डिजिटल किए जाने की जानकारी देते हुए मंत्री ने कहा कि इसे RBI के ई-कुबेर और ई-कोष प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,520 करोड़ रुपये से अधिक का ऑनलाइन भुगतान किया गया। अगस्त 2026 तक वित्तीय वर्ष 2026-27 में 209 करोड़ रुपये का ऑनलाइन भुगतान हो चुका है।

वनाग्नि की निगरानी के लिए फॉरेस्ट फायर अलर्ट एवं मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। मंत्री के अनुसार इससे आग की सूचना मिलने के बाद प्रतिक्रिया समय 1-2 घंटे से घटकर 5-10 मिनट रह गया है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर