छत्तीसगढ़ पर्यटन की फर्जी बुकिंग से सावधान, भुगतान से पहले वेबसाइट की करें पुष्टि

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 23 अगस्त 2026। वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को सतर्क किया है। बोर्ड के अनुसार, कुछ अनधिकृत वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया माध्यम छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग की सुविधा देने का दावा कर रहे हैं। ऐसे माध्यमों से ऑनलाइन भुगतान कराकर ठगी की जा सकती है।

पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों से कहा है कि पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं और अन्य पर्यटन सेवाओं की बुकिंग के लिए केवल छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in का उपयोग करें। किसी अनजान वेबसाइट, संदिग्ध लिंक, मोबाइल नंबर, विज्ञापन या सोशल मीडिया पेज के जरिए बुकिंग या भुगतान करने से बचें।

नाम और तस्वीरों का भी हो सकता है दुरुपयोग

बोर्ड के मुताबिक साइबर ठगी करने वाले लोग छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम, प्रतीक चिन्ह, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर फर्जी बुकिंग प्लेटफॉर्म तैयार कर सकते हैं। इन माध्यमों से कम कीमत पर कमरे, पर्यटन आवास, भ्रमण पैकेज या अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का झांसा दिया जा सकता है।

बोर्ड ने कहा है कि भुगतान से पहले वेबसाइट और बुकिंग प्रक्रिया की प्रामाणिकता की जांच करना जरूरी है। किसी व्यक्ति के निजी बैंक खाते या संदिग्ध भुगतान माध्यम में राशि जमा नहीं करनी चाहिए। कम कीमत का लालच, तत्काल भुगतान का दबाव या आकर्षक पैकेज मिलने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

अधिकृत केंद्रों से भी ले सकते हैं जानकारी

पर्यटक छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट के अलावा गढ़ कलेवा, रायपुर स्थित सूचना केंद्र तथा विभिन्न जिलों में स्थित पर्यटन सूचना केंद्रों से भी संपर्क कर सकते हैं। इन केंद्रों से पर्यटन संबंधी जानकारी और उपलब्धता के आधार पर पर्यटन आवासों की बुकिंग की सुविधा प्राप्त की जा सकती है।

संदेह होने पर हेल्पलाइन से करें पुष्टि

किसी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर या सोशल मीडिया पेज की प्रामाणिकता को लेकर संदेह होने पर भुगतान करने से पहले पर्यटन बोर्ड की हेल्पलाइन से पुष्टि करने की सलाह दी गई है।

छत्तीसगढ़ पर्यटन हेल्पलाइन:
+91-7714224600
18001026415

पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय अधिकृत और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी लें तथा फर्जी वेबसाइटों, संदिग्ध बुकिंग प्रस्तावों और अनधिकृत भुगतान माध्यमों से सावधान रहें।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर