ग्लासगो/अहमदाबाद, 3 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। राष्ट्रमंडल खेलों में 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य सहित कुल 39 पदक जीतकर भारत ने पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के साथ भारतीय दल ने अपने अभियान का समापन किया, वहीं समापन समारोह में वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी की जिम्मेदारी आधिकारिक रूप से भारत को सौंप दी गई। इसके साथ ही अहमदाबाद में आयोजित होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के शताब्दी संस्करण की उल्टी गिनती शुरू हो गई।
समापन समारोह में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक भारत की झलक पेश करते हुए दुनिया भर के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को 2030 में अहमदाबाद आने का निमंत्रण दिया। प्राचीन दर्शन, आधुनिक कला और सांस्कृतिक वैभव के संगम से सजी भारतीय प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
किंग चार्ल्स तृतीय के प्रतिनिधि के रूप में प्रिंस एडवर्ड, ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग ने खेलों के समापन की औपचारिक घोषणा करते हुए सभी देशों और क्षेत्रों के खिलाड़ियों को चार वर्ष बाद अहमदाबाद में होने वाले 24वें राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने का आमंत्रण दिया।
मेजबानी हस्तांतरण समारोह में राष्ट्रमंडल खेलों का ध्वज ग्लासगो की लॉर्ड प्रोवोस्ट जैकलीन मैकलारेन ने राष्ट्रमंडल खेल स्कॉटलैंड की उपाध्यक्ष सुसान जैक्सन को सौंपा। इसके बाद ध्वज दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा, भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा और अंततः गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को सौंपा गया। इसी के साथ स्कॉटलैंड से भारत को मेजबानी की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से हस्तांतरित हो गई।
भारत इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेलों की सफल मेजबानी कर चुका है। अब 2030 में अहमदाबाद इन खेलों के ऐतिहासिक शताब्दी संस्करण की मेजबानी करेगा, जिसे देश के खेल इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
