फाइनल में पहली बार उतरी असम की टीम को 3-1 से दी मात, तमिलनाडु तीसरे और KPTCL चौथे स्थान पर
रायपुर, 7 सितंबर, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की मेजबानी में आयोजित 48वीं अखिल भारतीय विद्युत खेल नियंत्रण बोर्ड (AIESCB) टेबल टेनिस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। सेमीफाइनल में पिछली बार की विजेता तमिलनाडु को 3-1 से हराने के बाद छत्तीसगढ़ ने फाइनल में पहली बार पहुंची असम की टीम को भी 3-1 से शिकस्त देकर खिताब पर कब्जा किया।
फाइनल में छत्तीसगढ़ की ओर से रजनीश ओबेराय, अनुराग शर्मा और समीर तिवारी ने प्रभावी प्रदर्शन किया। टीम में अनिल अग्रवाल, प्रशांत बापट और सागर पिंपलापुरे भी शामिल रहे।
असम की टीम प्रतियोगिता में पहली बार फाइनल तक पहुंची और उपविजेता रही। तमिलनाडु तीसरे और कर्नाटक पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (KPTCL) चौथे स्थान पर रहा।
एकल में रजनीश ओबेराय सेमीफाइनल में
प्रतियोगिता के एकल वर्ग में छत्तीसगढ़ के रजनीश ओबेराय के अलावा CESC के गौतम सिन्हा, KPTCL के मंजुनाथम टीसी और असम के अनुपम तमुली ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
युगल वर्ग में आंध्र प्रदेश के ए. आदिनारायण और एमवीवी रामकृष्ण, KPTCL के संजीव जी. और मंजुनाथम एस., छत्तीसगढ़ के रजनीश ओबेराय और अनुराग शर्मा तथा असम के अनुपम तमुली और अनिमेष सैकिया सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
एकल और युगल वर्ग के सेमीफाइनल तथा फाइनल मुकाबले 8 सितंबर को खेले जाएंगे।
8 सितंबर को पुरस्कार वितरण
केंद्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के महासचिव एवं कार्यपालक निदेशक एमएस चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर की विद्युत कंपनियों की टीमों ने हिस्सा लिया। पुरस्कार वितरण समारोह 8 सितंबर को दोपहर 3 बजे आयोजित होगा।
समारोह में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज के प्रबंध निदेशक एसके कटियार, राजेश कुमार शुक्ला और भीम सिंह कंवर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
