अहमदाबाद में पुरुष रिकर्व और कंपाउंड टीम ने जीते खिताब; पूजा जत्यान-भावना चौधरी को रजत
अहमदाबाद, 8 सितंबर, वाय के न्यूज़। भारत ने अहमदाबाद में चल रही 2026 विश्व पैरा तीरंदाजी श्रृंखला के तीसरे चरण में मंगलवार को दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। पुरुष रिकर्व और कंपाउंड युगल ने स्वर्ण पदक जीते, जबकि महिला रिकर्व युगल को रजत से संतोष करना पड़ा।
हरविंदर सिंह और विजय सुंडी ने पैरा रिकर्व पुरुष युगल के फाइनल में स्लोवाकिया के खिलाफ 6-2 से जीत दर्ज की। इसके साथ ही दोनों ने विश्व पैरा तीरंदाजी श्रृंखला में लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले यह जोड़ी बैंकॉक और नोवे मेस्तो चरण में भी स्वर्ण जीत चुकी है।
तोमर-श्याम सुंदर ने भी जीता स्वर्ण
पैरा कंपाउंड पुरुष युगल में विश्व चैंपियन तोमर कुमार और श्याम सुंदर स्वामी ने इराक के अलदावोद अनवर और कादिम अब्बास को 152-139 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने फाइनल में शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी।
महिला रिकर्व में रजत
पैरा रिकर्व महिला युगल के फाइनल में पूजा जत्यान और भावना चौधरी को चीन की जोड़ी के खिलाफ 0-6 से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय जोड़ी को रजत पदक मिला।
इससे पहले भारत ने प्रतियोगिता में कई अन्य पदक मुकाबलों में भी जगह बनाई थी। महिला कंपाउंड युगल में शीतल देवी और पायल नाग कांस्य पदक के मुकाबले में चीन से हारकर चौथे स्थान पर रहीं।
अहमदाबाद में 5 से 9 सितंबर तक आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता भारत की विश्व तीरंदाजी पैरा श्रृंखला की मेजबानी की पहली परीक्षा है। तीसरे चरण में 19 देशों के 109 पैरा तीरंदाज हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड, W1 और दृष्टिबाधित वर्गों में मुकाबले हो रहे हैं।
