ज्ञानेश्वरी अब डीएसपी, 30 लाख का इनाम भी

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान, राजनांदगांव की बेटी ने बढ़ाया प्रदेश का मान

रायपुर, 3 अगस्त, वाय के न्यूज। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली राजनांदगांव की अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव को छत्तीसगढ़ सरकार ने बड़ा सम्मान दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में उनका अभिनंदन करते हुए 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर ज्ञानेश्वरी ने छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।

राजनांदगांव की रहने वाली ज्ञानेश्वरी यादव ने सीमित संसाधनों के बीच कठिन परिश्रम और अनुशासित प्रशिक्षण के दम पर राष्ट्रीय स्तर से अंतरराष्ट्रीय मंच तक अपनी पहचान बनाई है। वह कई राष्ट्रीय भारोत्तोलन प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुकी हैं और पिछले कुछ वर्षों में भारतीय महिला भारोत्तोलन टीम की उभरती हुई खिलाड़ियों में शामिल रही हैं। राष्ट्रमंडल खेल 2026 का रजत पदक उनके करियर की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ज्ञानेश्वरी भविष्य में भी एशियाई खेल, विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़, विशेषकर राजनांदगांव जिले में उत्साह का माहौल है। खेल जगत ने इसे प्रदेश की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर