नई दिल्ली, 28 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। केंद्र सरकार ने भारत के खिलौना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 2032 तक वैश्विक खिलौना बाजार में 5 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने इसके लिए एक टास्क फोर्स बनाने की घोषणा की और ‘टॉय सेक्टर प्लेबुक’ का शुभारंभ किया।
सरकार के अनुसार, देश में इस समय 21 हजार से अधिक एमएसएमई, 770 से अधिक डीपीआईआईटी-मान्यता प्राप्त खिलौना स्टार्टअप, करीब 50 खिलौना क्लस्टर और 1,800 से अधिक बीआईएस लाइसेंसधारी इकाइयां हैं। सरकार का कहना है कि इनकी क्षमता बढ़ाकर भारत को खिलौना निर्माण और निर्यात का वैश्विक केंद्र बनाया जाएगा।
नई प्लेबुक में विनिर्माण, गुणवत्ता, डिजाइन, नवाचार, कौशल विकास और निर्यात बढ़ाने के लिए उद्योग को व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया गया है। सरकार का लक्ष्य है कि भविष्य में भारतीय खिलौने केवल ‘मेड इन इंडिया’ ही नहीं, बल्कि ‘डिजाइन्ड इन इंडिया’, ‘इनोवेटेड इन इंडिया’ और ‘ब्रांडेड इन इंडिया’ के रूप में भी दुनिया में पहचान बनाएं।
