कांकेर में ढाई किमी चली तिरंगा यात्रा, 92 फीट का तिरंगा रहा आकर्षण

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में निकली रैली में विद्यार्थी, पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि और शहरवासी हुए शामिल

कांकेर, 11 अगस्त 2026। कांकेर में मंगलवार को ढाई किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। उप मुख्यमंत्री एवं कांकेर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव के नेतृत्व में निकली यात्रा में जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों, अधिकारी-कर्मचारियों और शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भाग लिया। यात्रा के दौरान 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा तिरंगा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत शासकीय नरहरदेव उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के खेल मैदान से हुई। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ शुरू हुई यात्रा नगर घड़ी चौक, ऊपर-नीचे रोड, मस्जिद चौक और गांधी चौक होते हुए नवनिर्मित मिनी स्टेडियम परिसर पहुंचकर समाप्त हुई।

यात्रा में विधायक आशाराम नेताम और छत्तीसगढ़ हस्तशिल्प बोर्ड की अध्यक्ष शालिनी राजपूत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पूर्व सैनिक, विद्यार्थी, अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, मीडिया प्रतिनिधि और स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए।

जगह-जगह हुआ स्वागत

यात्रा के मार्ग में शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया। लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के लिए चॉकलेट और टॉफियां बांटीं।

सेंट माइकल इंग्लिश स्कूल की छात्राओं की बैंड टोली ने राष्ट्रगीत की धुन पर वाद्य यंत्र बजाते हुए मार्चपास्ट किया।

92 फीट के तिरंगे ने खींचा ध्यान

तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों ने 92 फीट लंबा और 5 फीट चौड़ा तिरंगा प्रदर्शित किया। शहर के विभिन्न मार्गों और चौक-चौराहों से गुजरते समय विशाल तिरंगे को लहराया गया, जिसे देखने के लिए लोगों की नजरें रैली की ओर टिक गईं।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर आयोजन

जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के निर्देश पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किया गया। केंद्र और राज्य सरकार के निर्देश पर 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के लिए प्रेरित किया गया।

यात्रा में कांकेर नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, कलेक्टर निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर, एसपी निखिल राखेचा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तारा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष उत्तम यादव, पूर्व विधायक सुमित्रा मारकोले, जिला पंचायत सीईओ हरेश मंडावी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी रमेश निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर