श्रीयस अय्यर संभालेंगे पुरुष टीम की कमान, हरमनप्रीत कौर होंगी महिला टीम की कप्तान
आइची (जापान), 24 जुलाई 2026, (वाय के न्यूज)। एशियन गेम्स 2026 की टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के ड्रॉ की घोषणा कर दी गई है। गत चैंपियन भारत को पुरुष और महिला दोनों वर्गों में सीधे नॉकआउट चरण में जगह मिली है। पुरुष वर्ग में भारत के अलावा पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका को भी सीधे क्वार्टर फाइनल में प्रवेश दिया गया है।
कोरोगी एथलेटिक पार्क में होंगे मुकाबले
जापान के आइची प्रीफेक्चर स्थित कोरोगी एथलेटिक पार्क में क्रिकेट प्रतियोगिता के मुकाबले खेले जाएंगे। महिला वर्ग की स्पर्धा 17 से 22 सितंबर तक, जबकि पुरुष वर्ग के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होंगे।
पुरुष वर्ग में 10 टीमें लेंगी हिस्सा
पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें भाग लेंगी। शुरुआती दौर में टीमों को दो समूहों में बांटा गया है।
ग्रुप-ए: अफगानिस्तान, जापान और नेपाल
ग्रुप-बी: हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान
दोनों समूहों से शीर्ष दो-दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी, जहां उनका सामना सीधे प्रवेश पाने वाली भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका की टीमों से होगा।
ड्रॉ के अनुसार भारत और पाकिस्तान को अलग-अलग हिस्सों में रखा गया है। ऐसे में दोनों टीमों का संभावित मुकाबला सेमीफाइनल या फाइनल में ही हो सकता है।
महिला वर्ग में भारत का सामना जापान से
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में भी भारत सीधे क्वार्टर फाइनल से अभियान शुरू करेगा। भारतीय टीम का मुकाबला मेजबान जापान से होगा। अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में पाकिस्तान का सामना थाईलैंड से होगा।
श्रीयस अय्यर और हरमनप्रीत कौर संभालेंगे कमान
भारतीय पुरुष टीम की कप्तानी श्रीयस अय्यर करेंगे, जबकि तिलक वर्मा उप-कप्तान होंगे। महिला टीम की कमान हरमनप्रीत कौर संभालेंगी और स्मृति मंधाना उप-कप्तान की भूमिका में रहेंगी।
भारत ने 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में क्रिकेट की वापसी के दौरान पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते थे। भारतीय टीमें इस बार भी खिताब बचाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी।
