शहरी-ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए समान व्यवस्था, पश्चिम एशिया संकट के बाद लगाई गई 45 दिन की पाबंदी हटाई
नई दिल्ली, 7 सितंबर, वाय के न्यूज। घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब देशभर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ता 25 दिनों के अंतराल पर अगला रिफिल बुक करा सकेंगे। सरकार ने तेल विपणन कंपनियों को इस संबंध में नियम तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देश में एलपीजी आपूर्ति की स्थिति में सुधार और बुकिंग के बैकलॉग में भारी कमी आने के बाद यह फैसला लिया गया है।
मंत्री ने अपने पोस्ट के साथ पेट्रोलियम मंत्रालय की ओर से तेल विपणन कंपनियों को जारी पत्र भी साझा किया है। पत्र में नई व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
पश्चिम एशिया संकट के बाद बढ़ाया गया था अंतराल
पश्चिम एशिया में संकट के चलते एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के बाद रिफिल बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतराल बढ़ाया गया था। इसके तहत शहरी उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया था।
अब सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए लागू 45 दिन की पाबंदी हटा दी है। इसके साथ ही पूरे देश में घरेलू एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए एक समान 25 दिन का अंतराल लागू होगा।
सरकार के इस फैसले से खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के उन परिवारों को राहत मिलेगी, जिन्हें अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए अधिक समय तक इंतजार करना पड़ रहा था।
