सरकारी नौकरी में नियुक्ति का रास्ता साफ
रायपुर, 5 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का वर्षों से चला आ रहा इंतजार बुधवार को खत्म हो गया। राज्य शासन ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसे राजपत्र में अधिसूचित कर दिया है।
यह सूची छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति, 2007 के प्रावधानों के तहत जारी की गई है। सूची में प्रदेश के 20 खेलों से जुड़े 156 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में 30 जून 2026 को आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई थी। इसके बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया था।
बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सहित समिति के अन्य सदस्यों ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की थी। खिलाड़ियों की उपलब्धियों, पात्रता और नीति के प्रावधानों के आधार पर 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दिया गया।
राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद अब चयनित उत्कृष्ट खिलाड़ियों को राज्य शासन की नीति के अनुसार शासकीय सेवाओं में नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
पृष्ठभूमि:
छत्तीसगढ़ में उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर देने की नीति लंबे समय से लागू है, लेकिन वर्ष 2018-19 और 2019-20 के आवेदनों पर निर्णय लंबित था। सूची जारी होने से चयनित खिलाड़ियों को राहत मिली है।
(प्रतीकात्मक फाइल फोटो)
