इसरो के वैज्ञानिकों ने देखा दंतेवाड़ा का विज्ञान केंद्र, नवाचारों की सराहना की

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

रायपुर, 4 अगस्त, वाय के न्यूज। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद और उनकी विशेषज्ञ टीम ने दंतेवाड़ा स्थित जिला विज्ञान केंद्र का दौरा कर वहां संचालित विज्ञान शिक्षा और नवाचार गतिविधियों का अवलोकन किया। टीम ने विशेष रूप से जनजातीय विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

इसरो के वैज्ञानिकों ने विज्ञान केंद्र की स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी, विज्ञान प्रदर्शनों और कार्यशील मॉडलों का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘करके सीखें’ कार्यक्रम को विज्ञान की व्यावहारिक समझ विकसित करने की प्रभावी पहल बताया।

टीम ने विज्ञान केंद्र में नियमित रूप से आयोजित शैक्षणिक भ्रमण, ‘कबाड़ से जुगाड़’ गतिविधियों और खगोल विज्ञान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शनों की भी सराहना की। वैज्ञानिकों ने कहा कि ऐसी पहल बच्चों में जिज्ञासा, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देती है तथा उन्हें विज्ञान एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।

इसरो के वैज्ञानिकों ने विज्ञान केंद्र के प्रभारी उपेंद्र गौतम और उनकी टीम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि दूरस्थ आदिवासी अंचल के विद्यार्थियों तक विज्ञान को सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने का यह प्रयास अनुकरणीय है।

भ्रमण के अंत में विज्ञान केंद्र प्रबंधन ने इसरो की टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों और शिक्षकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर