प्रकृति संरक्षण और आपदा प्रबंधन पर पावर कंपनी में जागरूकता कार्यक्रम
रायपुर, 27 जुलाई 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी के मानव संसाधन विभाग ने ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान के तहत सेवा भवन में जागरूकता एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण, आपदा पूर्व तैयारी, मानसिक संतुलन और तनाव प्रबंधन के संबंध में जानकारी दी गई।
कंपनी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ब्रह्माकुमारी बीके माधुरी दीदी (सदस्य, साइंटिस्ट, इंजीनियर एवं आर्किटेक्ट विंग-सीईए) ने पर्यावरण संरक्षण, आपदा पूर्व तैयारी, मानसिक संतुलन एवं आध्यात्मिक सशक्तिकरण पर मार्गदर्शन दिया। वहीं भावना दीदी ने प्रेरक प्रसंगों, कहानियों और मनोवैज्ञानिक गतिविधियों के माध्यम से आपदा की परिस्थितियों में धैर्य, संयम और सकारात्मक सोच बनाए रखने के उपाय बताए।
प्रबंध निदेशक आर.के. शुक्ला ने कहा कि बिजली क्षेत्र में संकट और आपदा जैसी परिस्थितियां कार्य का हिस्सा हैं। ऐसे समय में कर्मचारियों को तनाव पर नियंत्रण रखते हुए त्वरित विद्युत बहाली करनी होती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आपदा के दौरान संयमित होकर कार्य करने के व्यावहारिक तरीके बताए गए, जो सभी कर्मचारियों के लिए उपयोगी हैं।
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘प्रकृति का ख्याल रखें, आपदा के लिए तैयार रहें’ अभियान छह चरणों में संचालित किया जा रहा है। प्रथम चरण में पानीपत से जम्मू, द्वितीय चरण में माउंट आबू से महाराष्ट्र और तृतीय चरण में रायपुर से जबलपुर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रायपुर का आयोजन इसी श्रृंखला का हिस्सा है।

कार्यक्रम के समापन पर अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक आर.के. शुक्ला, मुख्य अभियंता (मानव संसाधन) श्रीमती रश्मि वर्मा, मुख्य अभियंता शारदा सोनवानी तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता भूषण लाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
