NHAI ने ऐप पर शुरू की नई सुविधा
नई दिल्ली, 20 जुलाई 2026 (वाय के न्यूज डेस्क)। अगर आप किसी टोल प्लाजा के पास रहते हैं और रोज उसी रास्ते से आते-जाते हैं, तो अब लोकल पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा जाने की जरूरत नहीं होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राजमार्गयात्रा मोबाइल ऐप पर डिजिटल लोकल पास की सुविधा शुरू कर दी है।
इस सुविधा के तहत संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले पात्र लोग मोबाइल ऐप से ही लोकल पास खरीद सकेंगे। इसके लिए न तो लाइन में लगना पड़ेगा और न ही कागजी दस्तावेज जमा करने होंगे। ऐप ही जरूरी जानकारी की जांच कर कुछ ही मिनटों में पास जारी कर देगा।
फिलहाल यह सुविधा दिल्ली के मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा से शुरू की गई है। एनएचएआई का कहना है कि आने वाले महीनों में इसे देश के अन्य टोल प्लाजा पर भी लागू किया जाएगा।
एनएचएआई ने ‘मार्गमित्र’ नाम से एक डिजिटल हेल्प सेंटर भी शुरू किया है। इसके जरिए यात्री 22 भारतीय भाषाओं में फास्टैग, रिफंड, केवाईसी, लोकल पास और वार्षिक पास से जुड़ी जानकारी ले सकेंगे। शिकायत दर्ज कराने के साथ उसकी प्रगति भी ऐप पर देखी जा सकेगी।
इसके अलावा ऐप से फास्टैग की ब्लैकलिस्ट स्थिति, लंबित ई-नोटिस और राष्ट्रीय राजमार्ग पर खराब वाहन या अतिक्रमण जैसी समस्याओं की शिकायत भी की जा सकेगी।
एनएचएआई के अनुसार, राजमार्गयात्रा ऐप के जरिए अब तक 80 लाख से अधिक वार्षिक पास जारी किए जा चुके हैं। नई सुविधाओं का उद्देश्य टोल सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल, तेज और सुविधाजनक बनाना है।
