रायपुर, 2 अगस्त, वाय के न्यूज। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को प्रयास आवासीय विद्यालयों के नीट-2026 में सफल विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें केवल सफल चिकित्सक ही नहीं, बल्कि संवेदनशील और समाज के प्रति उत्तरदायी डॉक्टर बनने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि डॉक्टर का दायित्व केवल इलाज करना नहीं, बल्कि मरीज का विश्वास जीतना भी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ, आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि अवसर मिलने पर प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उन्होंने बताया कि राज्य में 17 प्रयास आवासीय विद्यालय संचालित हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 34 नए नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं। मेडिकल शिक्षा के विस्तार, ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाओं का भी उन्होंने उल्लेख किया।

संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल, पर्यटन, सुशासन, नशामुक्ति और विकसित छत्तीसगढ़ के विजन से जुड़े प्रश्न पूछे। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति, तकनीक आधारित शिक्षा, खेल अधोसंरचना, चिकित्सा शिक्षा, पर्यटन विकास, निवेश और सुशासन की पहलों का उद्देश्य युवाओं के लिए बेहतर अवसर तैयार करना है। उन्होंने नशामुक्त जीवन को विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला बताते हुए युवाओं से स्वयं भी नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद से मुक्त हुए बस्तर और सरगुजा में अब शिक्षा, पर्यटन, उद्योग और रोजगार की नई संभावनाएं खुल रही हैं। राज्य सरकार इन क्षेत्रों में अधोसंरचना, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने पर काम कर रही है।

उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 और विकसित किए जा रहे मुख्यमंत्री डैशबोर्ड का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक आधारित सुशासन के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सरकारी सेवाओं की निगरानी तथा शिकायतों के त्वरित निराकरण की व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से खुलकर संवाद किया और मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन, संघर्ष तथा सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं से ईमानदारी, सेवा भाव और निरंतर मेहनत को सफलता का मूल मंत्र बताया।
