हर जवाब पर आपत्ति के लिए 200 रुपये शुल्क देना होगा
नई दिल्ली, 16 अगस्त। वाय के न्यूज। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने जून में हुई यूजीसी-नेट परीक्षा के 84 विषयों की आंसर की जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार 18 अगस्त तक आंसर की में दिए जवाबों पर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
उम्मीदवारों को आपत्ति दर्ज कराने के लिए यूजीसी-नेट के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। हर जवाब पर आपत्ति के लिए 200 रुपये शुल्क देना होगा। आपत्ति के समर्थन में जरूरी दस्तावेज भी ऑनलाइन जमा करने होंगे।
एनटीए ने साफ किया है कि आपत्ति केवल ऑनलाइन पोर्टल के जरिए ही स्वीकार की जाएगी। किसी दूसरे माध्यम से भेजी गई आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। आपत्ति शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख भी 18 अगस्त है।
अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र पर अलग सूचना
एनटीए के मुताबिक अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र के प्रश्नपत्रों में संभावित गलतियों को लेकर शिकायतें मिली थीं। इनकी जांच के लिए समिति बनाई गई थी। समिति की सिफारिशों के आधार पर इन तीन विषयों को लेकर अलग से सार्वजनिक सूचना 16 अगस्त को जारी की जाएगी।
एनटीए ने उम्मीदवारों से कहा है कि यूजीसी-नेट से जुड़ी जानकारी के लिए केवल एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट और उसके सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल पर जारी सूचनाओं पर भरोसा करें।
