नई दिल्ली/रायपुर, 4 अगस्त, वाय के न्यूज। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) NEET UG 2026 के तहत 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा (AIQ) सीटों की प्रथम चरण काउंसलिंग के लिए 5 अगस्त से ऑनलाइन पंजीयन शुरू करेगी। एमसीसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार इसके बाद चॉइस फिलिंग, चॉइस लॉकिंग, सीट आवंटन और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से पूरी की जाएगी।
एमसीसी की काउंसलिंग के माध्यम से देशभर के सरकारी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों की 15 प्रतिशत ऑल इंडिया कोटा सीटों के अलावा अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), जवाहरलाल स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (JIPMER), बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) तथा अन्य पात्र संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा।
वहीं, छत्तीसगढ़ के 85 प्रतिशत राज्य कोटा की प्रथम चरण काउंसलिंग 13 अगस्त से 22 अगस्त तक आयोजित होगी। डायरेक्टोरेट ऑफ मेडिकल एजुकेशन (DME), रायपुर द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार राज्य कोटा की प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जाएगी।
एमसीसी की काउंसलिंग सूचना पुस्तिका के अनुसार ऑल इंडिया कोटा और राज्य कोटा की काउंसलिंग अलग-अलग प्राधिकरणों द्वारा आयोजित की जाती है। इसलिए जो अभ्यर्थी दोनों श्रेणियों के लिए पात्र हैं, उन्हें दोनों काउंसलिंग प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग पंजीयन करना होगा। ऑल इंडिया कोटा की काउंसलिंग एमसीसी, जबकि छत्तीसगढ़ की राज्य कोटा काउंसलिंग डीएमई, रायपुर द्वारा संचालित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन, दस्तावेजों की प्रक्रिया और विकल्प भरने की औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी गई है। काउंसलिंग से संबंधित सभी अद्यतन जानकारी एमसीसी और डीएमई की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
