रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित तीन दिवसीय खेल गतिविधियों के तहत रविवार को ‘एक घंटा खेल के मैदान में’ एवं ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम पर साइक्लिंग गतिविधि ‘संडे ऑन साइकिल’ का आयोजन किया गया।

साइक्लिंग रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने प्रशासनिक भवन से हरी झंडी दिखाकर किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेल एवं शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
लगभग 5 किलोमीटर की साइक्लिंग यात्रा प्रशासनिक भवन से शुरू होकर इंजीनियरिंग कॉलेज, संगीत वाटिका, एग्रीकल्चर म्यूजियम, कॉलेज कैंपस एवं आवासीय परिसर होते हुए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संपन्न हुई।

साइक्लिंग गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने फिटनेस, स्वास्थ्य, अनुशासन और नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ साइक्लिंग में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में डॉ. संजय शर्मा, डॉ. प्रवीण वर्मा, डॉ. जी.पी. आयाम, डॉ. एच.के. सिंह, सूबेदार मेजर गोवर्धन शर्मा और डॉ. राम कुमार ठाकुर सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
इसके अलावा NSS स्वयंसेवक अमर सोनकर, मुकेश एवं सनत साहू सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने साइक्लिंग गतिविधि में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ की थीम के तहत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को खेल एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
