126 खिलाड़ियों-प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण, 156 के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता

यह समाचार साझा करें

WhatsApp Facebook X

पढ़ने की सुविधा

अपनी सुविधा के अनुसार अक्षर और कंट्रास्ट चुनें।

अक्षर आकार

राष्ट्रीय खेल दिवस पर 666 खिलाड़ियों को ₹1.74 करोड़ से अधिक की पुरस्कार-प्रोत्साहन राशि; खेल उत्कर्ष मिशन के लिए ₹100 करोड़

रायपुर, 29 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस पर छत्तीसगढ़ के खेल जगत को सम्मान और प्रोत्साहन की बड़ी सौगात मिली। राजधानी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीन वर्षों के लिए 126 उत्कृष्ट खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान किए। इनके अलावा 540 अन्य खिलाड़ियों को नगद प्रोत्साहन राशि दी गई। इस तरह समारोह में कुल 666 खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को 1 करोड़ 74 लाख 19 हजार रुपये की पुरस्कार एवं प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हुए समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल मैदान में खिलाड़ी का परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष केवल उसकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होता। उसकी सफलता से प्रदेश और देश का गौरव बढ़ता है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं को संसाधनों और अवसरों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े।

156 खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता

समारोह में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची जारी की जा चुकी है, जिससे उनके लिए शासकीय सेवा में नियुक्ति का रास्ता खुला है।

सरकार के अनुसार खिलाड़ियों को मैदान में सम्मानित करने के साथ उनके भविष्य को सुरक्षित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। इससे युवाओं में खेलों को करियर के रूप में अपनाने का भरोसा मजबूत होने की उम्मीद है।

खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पांच मिशनों पर काम कर रही है। इनमें मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन भी शामिल है, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सरकार का फोकस केवल प्रतियोगिताओं के आयोजन तक सीमित नहीं है। प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण, आधुनिक संसाधन, खेल अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच के लिए एक समग्र व्यवस्था विकसित करने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

नवा रायपुर में 67 करोड़ की तीरंदाजी अकादमी

खेल अधोसंरचना के विस्तार के तहत नवा रायपुर में करीब 67 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है। इसके जरिए तीरंदाजी के खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है।

वहीं पहाड़ी कोरवा समुदाय की प्राकृतिक तीरंदाजी प्रतिभा को निखारने के लिए पंडरापाट में करीब 18 करोड़ रुपये की लागत से तीरंदाजी अकादमी विकसित की जा रही है।

इसके अलावा कुनकुरी, रायगढ़ और रायपुर में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में मौजूद स्वाभाविक खेल प्रतिभाओं को आधुनिक प्रशिक्षण और बेहतर मंच उपलब्ध कराने से राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार किए जा सकते हैं।

बस्तर ओलंपिक में 3.91 लाख युवाओं की भागीदारी

मुख्यमंत्री ने बस्तर ओलंपिक को दूरस्थ अंचलों की प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उनके अनुसार पहले बस्तर ओलंपिक में 1 लाख 65 हजार युवाओं ने हिस्सा लिया था। दूसरे वर्ष यह संख्या बढ़कर 3 लाख 91 हजार हो गई।

उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का खेल मैदान तक पहुंचना बस्तर में युवाओं के बढ़ते आत्मविश्वास और खेलों के प्रति रुचि का संकेत है।

सरकार ने सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के माध्यम से भी स्थानीय प्रतिभाओं को प्रतिस्पर्धा और प्रशिक्षण का मंच देने की बात कही।

बिलासपुर की गीता यादव और मधु सिदार एशिया कप टीम में

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत प्रतिभाओं की पहचान, प्रशिक्षण और उन्हें आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर देने की है।

उन्होंने बिलासपुर खेल अकादमी की गीता यादव और मधु सिदार के एशिया कप के लिए भारतीय टीम में चयन का उल्लेख करते हुए इसे प्रदेश के लिए गौरव बताया।

खिलाड़ियों के लिए सम्मान के साथ अवसर भी

समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को राज्य खेल अलंकरण से सम्मानित किया जा रहा है। सरकार खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ उनके भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल से भारत को विश्व में गौरवान्वित किया। आज छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी भी विभिन्न खेलों में प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी आने वाले समय में राष्ट्रमंडल खेलों, एशियन गेम्स और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे।

समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद विजय बघेल सहित विधायक, खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।


खेल इतिहास को मिला दस्तावेजी मंच



रायपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस पर राज्य खेल अलंकरण समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कॉफी टेबल बुक ‘हमारे खिलाड़ी’ का विमोचन किया।

खेल विभूतियों और खिलाड़ियों की उपलब्धियां


प्रदर्शनी में शहीद राजीव पाण्डेय, शहीद पंकज विक्रम, शहीद कौशल यादव, शहीद विनोद चौबे और वीर हनुमान सिंह सहित प्रदेश की खेल विभूतियों के जीवन, संघर्ष और योगदान को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। ‘हमारे खिलाड़ी’ में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों की खेल यात्रा और उपलब्धियां संकलित हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं विजय बघेल, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू एवं सुनील सोनी, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, राज्य युवा आयोग अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर तथा छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

तीन वर्षों की पुरस्कार सूची

वर्ष 2023-24

शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार:
मोनिका साहू (फेंसिंग), सुभाष लहरे (वेटलिफ्टिंग), अनुप यदु (नेटबॉल), राजेश राठौर (नेटबॉल), भूपेन्द्र कुमार गढ़े (सॉफ्टबॉल), परमानंद (पैरा स्विमिंग)।

शहीद कौशल यादव पुरस्कार:
दिपांशी नेताम (फेंसिंग), महेन्द्र धुर्वे (वॉलीबॉल), अमित कुमार (एथलेटिक्स), राकेश कडती (सॉफ्टबॉल)।

वीर हनुमान सिंह पुरस्कार:
विकास ढीढ़ी (पैरा जूडो)।

शहीद पंकज विक्रम सम्मान:
सीता साहू (पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग), करन भारती (वुशू), प्रियंका ठाकुर (वुशू), शशांक मसीह (रायफल शूटिंग), राजीव साहू (टेबल टेनिस), काजल (टेबल टेनिस), भूमिका उपाध्याय (हॉकी), अजिंक्या सिंह (तैराकी)।

शहीद विनोद चौबे सम्मान:
प्रवेश चढ्ढा (शूटिंग), विजय बहादुर (हैंडबॉल), लक्ष्मण लाल साहू (कुश्ती), के. रवि शंकर (टेबल टेनिस), गिरिराज बागड़ी (टेबल टेनिस)।

मुख्यमंत्री ट्रॉफी:
बिलासपुर की सीनियर पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग टीम।

वर्ष 2024-25

शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार:
ज्ञानेश्वरी यादव (वेटलिफ्टिंग), ईशान भटनागर (बैडमिंटन), दिव्यांशु नेताम (फेंसिंग), भूमि गुप्ता (तैराकी), सोनम शर्मा (नेटबॉल), कलाराम पटेल (पैरा एथलेटिक्स), लोमेन्द्र साहू।

शहीद कौशल यादव पुरस्कार:
मानस भट्टाचार्य (बैडमिंटन), सुखदेव (पैरा एथलेटिक्स)।

वीर हनुमान सिंह पुरस्कार:
अशोक कुमार साहू (कयाकिंग एवं कैनोइंग)।

शहीद पंकज विक्रम सम्मान:
सुमन यादव (फुटबॉल), रोहित रजक (हॉकी), गीतांजलि निर्मलकर (हॉकी), के.एस. साई प्रशांत (टेबल टेनिस), सुष्मिता सोम (टेबल टेनिस), रामकृष्ण साहू (पैरा स्विमिंग), स्वाति साहू (पैरा व्हीलचेयर फेंसिंग), साकेत सामुएल (रायफल शूटिंग), अमन तिवारी (वुशू), मानसी डुंभरे (वुशू)।

शहीद विनोद चौबे सम्मान:
प्रभा हुसैन (एथलेटिक्स), संगीता राजगोपालन (बैडमिंटन), गामा यादव (कुश्ती), प्रनय नन्द मजूमदार (टेबल टेनिस)।

मुख्यमंत्री ट्रॉफी:
बिलासपुर की सीनियर महिला तीरंदाजी टीम।

वर्ष 2025-26

शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार:
विकास कुमार (आर्चरी), किरण पिस्दा (फुटबॉल), दीपांशी नेताम (फेंसिंग), सुजेय तंबोली (बैडमिंटन), आयुष माखिजा (बैडमिंटन), संजू देवी (कबड्डी), रीमा राय (सॉफ्ट टेनिस), मिशा कुमारी (नेटबॉल), लक्की यादव (पैरा एथलेटिक्स)।

शहीद कौशल यादव पुरस्कार:
दिव्यांशु देवांगन (शूटिंग), विक्रम राज (आर्चरी), दिव्यांश अग्रवाल (बैडमिंटन), सोनिका राजवाड़े (एथलेटिक्स), स्वप्निल प्रधान (वुशू), भूमिका चौधरी (नेटबॉल), पूजा (नेटबॉल), निखिल कुमार यादव (पैरा एथलेटिक्स)।

वीर हनुमान सिंह पुरस्कार:
अजय दीप सारंग (वेटलिफ्टिंग)।

शहीद पंकज विक्रम सम्मान:
संस्कार दिवान (वुशू), विद्या सिंह (वुशू), अंकुश सिंह (खो-खो), झमिता साहू (खो-खो), हेमशिखर (वॉलीबॉल), अरन्दिम देवनाथ (टेबल टेनिस), स्नेहा न्योगी (जूडो), अनमोल सिंह (जूडो), यश केरकेट्टा (बॉक्सिंग), टुकेश साहू (जिम्नास्टिक), सेमेश्वर सिंह (पैरा स्विमिंग), श्रीकांत पाण्डे (पैरा जूडो), खुशाल यादव (हॉकी)।

शहीद विनोद चौबे सम्मान:
गंगेश्वर (एथलेटिक्स), ख्वाजा अहमद (वॉलीबॉल), एवन कुमार जैन (वेटलिफ्टिंग), मो. अकरम खान (वॉलीबॉल), प्रदीप जोशी (टेबल टेनिस)।

मुख्यमंत्री ट्रॉफी:
सीनियर महिला तीरंदाजी टीम और जूनियर बालिका सॉफ्ट टेनिस टीम।

समारोह में विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नंद कुमार साहू, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के अध्यक्ष डॉ. विक्रम सिसोदिया सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, खिलाड़ी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

पाठकों की पसंद

सबसे अधिक पढ़े गए

पिछले 7 दिनों के आधार पर