रायपुर, 8 अगस्त 2026, वाय के न्यूज। छत्तीसगढ़ में 10 अगस्त को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1.10 करोड़ बच्चों और किशोर-किशोरियों को एल्बेंडाजोल की खुराक खिलाई जाएगी। अभियान के तहत शासकीय एवं निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य संस्थानों में बच्चों को दवा दी जाएगी।
जो बच्चे 10 अगस्त को दवा नहीं ले पाएंगे, उन्हें 17 अगस्त के मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कृमि संक्रमण बच्चों में कमजोरी, एनीमिया, भूख में कमी और पोषण संबंधी समस्याओं का कारण बन सकता है। संक्रमण का असर बच्चों के शारीरिक विकास और पढ़ाई पर भी पड़ सकता है।
अभियान में 1 से 2 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की आधी गोली और 2 से 19 वर्ष के बच्चों एवं किशोरों को पूरी गोली निर्धारित मानकों के अनुसार दी जाएगी। दवा का सेवन स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की निगरानी में कराया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को निर्धारित तिथि पर कृमिनाशक दवा अवश्य दिलाएं। साथ ही हाथों की स्वच्छता, साफ पानी और भोजन तथा खुले में शौच से बचाव जैसी सावधानियों का पालन करने पर जोर दिया गया है।
